हीरो ग्रुप के चेयरमैन पर ED का बड़ा एक्शन, जब्त की करोड़ों की संपत्ति, शेयरों में भारी गिरावट

ईडी ने हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल की दिल्ली में स्थित ₹24.95 करोड़ की 3 संपत्तियों को जब्त कर लिया है।

Updated: Nov 10, 2023, 02:40 PM IST

नई दिल्ली। ईडी ने मोटरसाइकल निर्माता हीरो मोटोकॉर्प के सीएमडी व चेयरमैन पवन मुंजाल की 24.9 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। इस खबर का असर कंपनी के शेयरों पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार के कारोबार में कंपनी के शेयरों 2 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। ईडी ने पवन मुंजाल की तीन अचल संपत्तियों को कुर्क किया है।

खबर लिखे जाने तक हीरो मोटोकॉर्प के शेयर एनएसई पर 2.16 फीसदी टूटकर 3105.35 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। बीएसई पर भी शेयरों की लगभग यही स्थिति है। खबरों के कुर्क और जब्त की गई संपत्तियों को मिलाकर कुल 50 करोड़ रुपये की संपत्ति ईडी ने अपने कब्जे में कर ली है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की गई है। ईडी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

यह भी पढ़ें: MP में 53 में से ओबीसी वर्ग से सिर्फ 1 अफसर, ये कैसी ओबीसी की सरकार है, सतना में राहुल गांधी की ललकार

इससे पहले ED ने पवन मुंजाल की 25 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी। यानी अब तक जांच एजेंसी मुंजाल की 50 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर चुकी है। पवन मुंजाल पर अवैध तरीके से देश से बाहर 54 करोड़ रुपए ले जाने का आरोप है। तीन महीने पहले ED ने PMLA के तहत पवन मुंजाल के दिल्ली और ग्रुरुग्राम स्थित ऑफिसों और घरों पर छापेमारी की कार्रवाई की थी।

बता दें कि हीरो मोटोकॉर्प दुनिया की सबसे बड़ी टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह 40 से ज्यादा देशों में अपना कारोबार करती है। कंपनी के पास ग्लोबल बेंचमार्क वाले 8 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। इनमें से 6 भारत में हैं। कोलंबिया और बांग्लादेश में 1-1 प्लांट हैं। भारतीय के टू-व्हीलर सेगमेंट में 50% से ज्यादा मार्केट शेयर हीरो मोटोकॉर्प के पास है।

फोर्ब्स के मुताबिक, साल 2022 के आखिर में पवन मुंजाल की नेट वर्थ 3.55 बिलियन डॉलर (करीब 29.20 हजार करोड़ रुपए) थी। मुंजाल 2022 में देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन की लिस्ट में 56वें नंबर पर थे। वहीं, 2022 बिलेनियर्स की लिस्ट में 984 नंबर पर रहे थे। मुंजाल के तीन बच्चे वसुधा मुंजाल, अन्नुव्रत मुंजाल और सुप्रिया मुंजाल हैं।