सोनू सूद एशिया की 50 हस्तियों में अव्वल, ब्रिटिश अख़बार ने ज़रूरतमंदों की मदद पर दिया सम्मान

ब्रिटेन के अखबार ईस्टर्न आई ने विश्व की 50 एशियाई हस्तियों की में सोनू सूद को सबसे ऊपर रखा है

Updated: Dec 10, 2020, 06:38 PM IST

Photo Courtesy: Oneindia
Photo Courtesy: Oneindia

जरूरतमंदों की मदद में हमेशा आगे रहने वाले अभिनेता सोनू सूद को ब्रिटेन के एक अखबार ने एशिया की हस्तियों में सबसे ऊपर जगह दी है। ब्रिटेन के साप्ताहिक अखबार ‘ईस्टर्न आई’ ने ‘विश्व की 50 एशियाई हस्तियों’ की सूची प्रकाशित की है। इस सूची में उन कलाकारों को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपने काम से समाज में सकारात्मक छाप छोड़ी है और लोगों को प्रेरित किया है। सोनू सूद के अच्छे कामों की वजह से उन्हें इस सूची में कई बॉलीवुड हस्तियों से ऊपर जगह दी गई है।

सोनू सूद ने इस सम्मान के लिए ईस्टर्न आई को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन के दौरान मुझे एहसास हुआ कि अपने देशवासियों की मदद करना मेरा कर्तव्य है। यह ऐसी चीज थी जो मेरे भीतर से आई। मैंने जो भी किया वह एक भारतीय के रूप में मेरी जिम्मेदारी थी, जिसे मैं अपनी अंतिम सांस तक निभाता रहूंगा। 

यह भी पढ़ें: सोनू सूद ने ज़रूरतमंदों की मदद के लिए 10 करोड़ का कर्ज लिया, अपने दुकान-मकान रखे गिरवी

आपको बता दें कि अभिनेता सोनू सूद ने लॉकडाउन के दौरान ज़रूरतमंद लोगों की काफी मदद की। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों को उनके परिजनों से मिलाने का काम किया। उसके बाद से भी वो लगातार लोगों की मदद करते आ रहे हैं। ज़रूरतमंद बीमारों के इलाज़ के लिए वे काफी मदद करते हैं। इसके अलावा भी लोग अपनी तरह-तरह की ज़रूरतों के लिए उनसे संपर्क करते रहते हैं और सोनू सूद भी जितना हो सकता है उनकी मदद करते हैं। हाल ही में खबर आई कि लोगों की मदद के लिए उन्होंने अपनी संपत्तियां गिरवी रखकर दस करोड़ रुपये का लोन ले लिया है। 

ब्रिटिश अखबार ने अपनी लिस्ट में फैशन, संगीत और सिनेमा की दुनिया से जुड़े कई भारतीयों को शामिल किया है। अरमान मलिक इस लिस्ट में पांचवें और प्रियंका चोपड़ा छठे स्थान पर हैं। तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास इस लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं। आयुष्मान खुराना को 11वां स्थान मिला है। दिलजीत दोसांझ 14वें नंबर पर, शहनाज गिल 16वें नंबर पर और अमिताभ बच्चन 20वें स्थान पर हैं। इसके अलावा कई अन्य भारतीय हस्तियां भी इस लिस्ट में शामिल हैं।