Coronavirus effect : किसानों की कर्ज वसूली रोके सरकार

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उठाई किसानों के लिए आवाज

Publish: May 20, 2020, 10:02 AM IST

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर किसानों से ऋण वसूली ना करने की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि राष्ट्रीय आपदा के समय बैंकों द्वारा किसानों से ऋण वसूली को तत्काल स्थगित किया जाए। कोरोना वायरस के कारण लगातार लॉकडाउन और कर्फ्यू के कारण लोगों के काम-धंधे बंद हैं। ऐसे में गरीब किसानों और मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट है। फिर भी जिला सहकारी बैंक राजगढ़ कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से ऋण वसूली कर रहा है। अब तक सिर्फ ब्यावरा शाखा द्वारा ही 2025 किसानों से 3 करोड़ 6 लाख रुपए की वसूली हो चुकी है।वहीं अन्य समितियां भी किसानों की कृषि उपज में से 50% से अधिक की कटौत्री कर रही हैं। इस संकट के समय ऋण वसूली से किसानों में नाराजगी है।

Click  श्रम और मंडी कानून में बदलाव तुरंत रद्द करें: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 का हवाला देते हुए कहा है कि राष्ट्रीय आपदा के समय वसूली स्थगित रखकर किसानों को राहत दी जाए। दिग्विजय सिंह ने मांग की है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इस संवेदनशील मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर राजगढ़ सहित पूरे प्रदेश के किसानों से बैंक ऋण की वसूली रोकें और काटी गई राशि तत्काल बैंकों द्वारा किसानों के खाते में जमा की जाए।