कैसे पाएं सांसों की दुर्गंध से छुटकारा

सांस में बदबू आने के कई कारण है, ठीक से दांतों की सफाई नहीं करना, किडनी, पेट की समस्या और पायरिया की वजह से आती है सांसों में दुर्गंध

Updated: Feb 06, 2021, 01:48 PM IST

Photo Courtesy: Fermelia Dental
Photo Courtesy: Fermelia Dental

सांसों से बदबू आना कई बार बड़ी शर्मिंदगी की वजह बन जाता है, कहने को तो यह एक आम समस्या है। लेकिन इसका किसी के व्यक्तित्व पर बुरा असर पड़ता है। इस समस्या की वजह से देखने में टिपटॉप लगने वाले लोग भी जैसे ही मुंह खोलते हैं, सारा इंप्रेशन खराब हो जाता है। यह परेशानी महिला-पुरुष किसी को भी हो सकती है। रोज ठीक से ब्रश करने वालों को भी यह परेशानी हो सकती है।

क्यों आती है सांसों में बदबू

अगर आप कुछ भी खाने के बाद ठीक से पानी नहीं पीते और कुल्ला नहीं करते तो इससे भी सांसों से दुर्गंध आती है। ठीक से दांत साफ नहीं करना, अपच, कब्ज सांसों में बदबू आने के आम कारण हैं। कई बार किडनी और लीवर में खराबी भी सांसों की बदबू की वजह हो सकती है।

 कैसे दूर होगी सांसों से दुर्गंध

सांसों की दुर्गंध दूर करने के लिए सबसे आसान तरीका है कि दिन में दो बार ब्रश किया जाए। हर बार कुछ भी खाने के बाद कुल्ला जरूर करें। दिन में 8-10 ग्लास पानी पीने से भी लाभ होगा। हर आधे घंटे में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहने से मुंह में फ्रेशनेस बनी रहती है।

सरसों के तेल और नमक से मसाज करने से भी फायदा होता है। सूखा धनिया, सौंफ भी एक अच्छा माउथफ्रेशनर है। इससे पाचन भी सही होता है और सांस की बदबू से भी छुटकारा मिलता है। साइट्रस याने खट्टे फलों में पाया जाने वाला विटामीन सी भी सांसों की बदबू दूर करने में मददगार होता है। नींबू, संतरा, मौसमी, अंगूर खाने से फायदा होगा। ध्यान रखें कि कोई भी खाद्य पदार्थ दांतों पर चिपका न रहे। पुदीना, तुलसी औऱ अजवाइन चबाने से भी सांसों की दुर्गंध दूर होती है। ओरल हेल्थ के लिए डॉक्टर से दांतों की नियमित जांच करवाते रहना भी ज़रूरी है।