गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगा विमेन पावर, बैंड से लेकर झांकी तक इस बार सिर्फ महिलाएं लेंगी हिस्सा

साल 2024 में कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड, मार्च और झाकिंयों में सिर्फ महिलाएं हिस्सा लेंगी। यह पहली बार होगा जब दुनिया के सामने शक्ति प्रदर्शन का नेतृत्व महिलाएं करेंगी।

Updated: May 07, 2023, 06:17 PM IST

नई दिल्ली। इस बार गणतंत्र दिवस पर एक नया इतिहास बनने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 26 जनवरी 2024 को कर्तव्य पथ पर केवल महिलाएं परेड करती दिखेंगी। यहां तक कि मार्चिंग दस्ता से लेकर झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भी सिर्फ महिलाएं ही नजर आएंगी। रक्षा मंत्रालय के एक प्रस्ताव में कहा गया कि विस्तृत विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि गणतंत्र दिवस 2024 में सिर्फ महिलाओं की भागीदारी होगी।

रक्षा मंत्रालय ने मिलिट्री फोर्सेस और परेड में शामिल होने वाले अन्य विभागों को चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी है। इस संबंध में सैन्य बलों तथा परेड में शामिल होने वाले अन्य सरकारी विभागों को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि मार्च पास्ट करने वाले दस्ते और उनके साथ जुड़े बैंड तथा झांकियों में सिर्फ महिला प्रतिभागी होंगी।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक चुनाव: बीजेपी को बड़ा झटका, वीरशैव लिंगायत फोरम ने कांग्रेस को दिया समर्थन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, परेड में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का फैसला 7 फरवरी को हुई एक बैठक के दौरान लिया गया था। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने की अध्यक्षता में हुई बैठक में सेना, नौसेना, वायु सेना, गृह मंत्रालय, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया था। बैठक के लगभग एक महीने बाद, रक्षा मंत्रालय ने 1 मार्च को भाग लेने वाले बलों, मंत्रालयों और विभागों को औपचारिक रूप से एक पत्र जारी किया। 

सैन्य अधिकारी इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि कैसे इसे अमल में लाया जाए। बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में आर्म्ड फोर्सेस में जेंडर इक्वैलिटी को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को कमान देने और भविष्य की लीडरशिप के लिए उन्हें तैयार करने के मकसद से कई बड़े फैसले लिए हैं। पिछले महीने 29 अप्रैल को पांच महिला अधिकारियों को आर्टिलरी रेजिमेंट में शामिल किया गया है। इन्हें पाकिस्तान और चीन की सीमा पर नियुक्त किया गया है। इसी कड़ी में अब परेड में महिलाओं की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।