एयर इंडिया के विमान ने 87 भारतीयों के साथ भरी ताजिकिस्तान से उड़ान, काबुल से हुई स्वदेश वापसी

काबुल से पहले 87 भारतीय नागरिकों और दो नेपाली नागरिकों को रेस्क्यू कर ताजिकिस्तान ले जाया गया, इसके बाद वहां से एयर इंडिया के विमान में इन लोगों को बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना किया गया

Updated: Aug 22, 2021, 04:28 AM IST

नई दिल्ली। अफगानिस्तान में बढ़ते तालिबानी जुल्म के बीच भारत अपने 87 नागरिकों को भारत ले आया है। ताजिकिस्तान से एयर इंडिया के विमान में 87 भारतीय नागरिकों की वतन वापसी कराई गई है। इसमें दो नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। 

दरअसल पहले इन लोगों को काबुल से लेकर ताजिकिस्तान ले जाया गया। इसके बाद भारतीय दूतावास की मदद से इन लोगों को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।ताजिकिस्तान से अपने वतन के लिए उड़ान भरते समय यात्रियों का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें यात्री भारत माता की जय के नारे लगाते सुनाई पड़ रहे हैं।

 विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ताजिकिस्तान के दुशांबे में स्थित भारतीय दूतावास की मदद से अफगानिस्तान में फंसे भारतीय लोगों को स्वदेश लाने में सफलता प्राप्त हो रही है। जल्द ही अन्य भारतीयों को भी सुरक्षित भारत लेकर आया जाएगा। इसके लिए अधिक विमानों को काम में लाया जाएगा। 

इससे पहले रविवार को यह खबर आई थी कि काबुल एयरपोर्ट से तालिबानी आतंकियों ने भारतीय नागरिकों समेत 150 लोगों को अगवा कर लिया है। इसके बाद मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि तालिबानी आतंकियों ने इन लोगों के पासपोर्ट चेक करने के बाद छोड़ दिया है। वहीं तालिबान ने लोगों के एयरपोर्ट से अगवा किए जाने के दावे को खारिज कर दिया। 

इसके साथ ही भारतीय वायुसेना के एक विमान ने भी काबुल से हिंडन के लिए उड़ान भरी है। भारतीय वायुसेना का विमान अपने साथ 168 भारतीयों को वतन ला रहा है। आज इन लोगों के भारत पहुंच जाने की उम्मीद जताई जा रही है।