भारत से ब्रिटेन आने वाले यात्रियों को अब होटल में क्वारन्टीन नही रहना होगा

भारतीय यात्रियों को 8 अगस्त से मिलेगी छूट. कोरोना पर क़ाबू के बाद यूनाइटेड किंगडम में अनिवार्य रूप से 10 दिनों तक होटल में क्वारन्टीन ख़त्म किया

Updated: Aug 04, 2021, 10:43 PM IST

photo courtesy: national herald
photo courtesy: national herald

ब्रिटेन ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके यात्रियों को राहत दे दी है। ऐसे भारतीय यात्री जो वैक्सीन की दोनों डोज़ ले चुके हैं, अब उन्हें ब्रिटेन में अनिवार्य क्वारंटाइन में रहने की जरूरत नहीं होगी। यूनाइटेड किंगडम ने भारतीयों के लिए 10 दिनों तक होटल में क्वारन्टीन रहने की पाबंदी खत्म कर दी है और भारत को अपनी रेड लिस्ट से भी हटा दिया है।

ब्रिटेन की रेड लिस्ट से हटने का मतलब है भारत से आने वाले यात्रियों को अब होटल की जगह घर में ही 10 दिन तक क्वारन्टीन रहना होगा। भारत के साथ ही यूनाइटेड अरब अमीरात, कतर और बहरीन को भी रेड लिस्ट से हटाकर एम्बर लिस्ट में रखा गया है। ये सभी परिवर्तन 8 अगस्त से प्रभावी होंगे।

गौरतलब है कि यूके में रहने वाले भारतीय प्रवासी कई महीनों से भारत और यूके के बीच यात्रा मानदंडों को आसान बनाने की मांग कर रहे थे। हालांकि रेड लिस्ट से हटाए गए देशों के यात्रियों को प्रस्थान से 3 दिन पहले एक कोविड 19 टेस्ट कराना होगा और ब्रिटेन आने पर दो कोविड टेस्ट की पहले से अग्रिम बुकिंग करानी जरूरी होगी।

यात्रियों को ब्रिटेन में अपने लोकेशन की पूरी जानकारी भी फॉर्म में भरकर देनी होगी। इसके साथ ही अंडर18 वर्ग और यूके में वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके लोगों को भी होम क्वारन्टीन से छूट दी गई है। यूरोपीय संघ और अमेरिका के दोनों डोज ले चुके लोगों को भी ये छूट दी गई है। ब्रिटेन ने ये छूट भारत में कमज़ोर पड़ी कोरोना की दूसरी लहर और कोविड वैक्सीन की तेज़ी के बाद उठाया है।