Coronavirus : 24 घंटों में सबसे ज्यादा 9,987 नए मामले

Corona Live updates : देशभर में अबतक कुल 2,66,598 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 7,466 लोगों की मौत हुई है।

Publish: Jun 10, 2020, 12:32 AM IST

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,987 नए मरीज मिले हैं वहीं 331 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। कोरोना संक्रमण व मौत के आंकड़ों में एक दिन में यह अबतक का सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 2,66,598 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 7,466 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 1,29,917 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 1,29,215 मरीज इस महामारी जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।

भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में इस महामारी से अबतक के सबसे ज्यादा मौतें हुई है वहीं सबसे ज्यादा रेकॉर्ड नए केस भी मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 331 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 7,466 लोगों की जान ली है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक तकरीबन 69 लाख लोग संक्रमित हुए हैं वहीं 4 लाख लोगों की मौत हुई है।

भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में पांचवें स्थान पर है। इसी के साथ भारत ने स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है वहीं जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण फैल रहा है उस हिसाब से जल्द ही यह सूची में चौथे स्थान पर होगा। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 20 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख तेरह हजार से ज्यादा लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है।