कनाडा के स्कूल में भीषण गोलीबारी, हमलावर समेत 10 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और लगभग 25 लोग घायल हुए हैं।

Updated: Feb 11, 2026, 02:08 PM IST

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक स्कूल में गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यह हमला टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुआ, जहां पुलिस के मुताबिक कई लोगों को निशाना बनाया गया। अब तक की जानकारी के अनुसार 10 लोगों की इस घटना में मौत हो गयी है। जबकि 25 से अधिक लोग घायल हैं।

स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:20 बजे के करीब पुलिस को स्कूल में फायरिंग की सूचना मिली और तुरंत इलाके में अलर्ट जारी किया गया। आरसीएमपी (कनाडाई पुलिस) ने बताया कि शुरुआती जांच में एक संदिग्ध की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस घटना में कोई दूसरा व्यक्ति शामिल था या नहीं। 

प्रशासन के अनुसार मौके से कई पीड़ित मिले, जिनमें से कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा लगभग 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गयी है और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील प्रशासन ने की है।

पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस जैसी अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं। उन्होंने सुरक्षा कारणों से ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया। उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की है कि जो लोग अपने परिजनों को ढूंढ रहे हैं, कृपया घर लौट जाएं और पुलिस को काम करने दें। कैनेडियन माउंटेड पुलिस इस खूबसूरत शहर को फिर से सुरक्षित बनाएगी।