मोरक्को में भूकंप ने मचाई तबाही, 296 लोगों की मौत, रिक्टर स्केल पर 6.8 मापी गई तीव्रता

तुर्की के बाद अब नॉर्थ अफ्रीका के देश मोरक्को में भूकंप ने भीषण तबाही मचा दी है। अब तक 296 लोग इस भूकंप की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। भूकंप से हुए विनाश को देखते हुए मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

Updated: Sep 09, 2023, 09:37 AM IST

मराकेश। नॉर्थ अफ्रीकी देश मोरक्को में सुबह-सुबह भूकंप ने भीषण तबाही मचा दी है। यहां धरती में हुए कंपन के बाद कई इमारतें ढह गईं, जिसमें 296 लोगों की मौत हो गई है। भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई जा रही है। भूकंप के बाद यहां बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। भूकंप से हुए नुकसान को देखते हुए माना जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक भूकंप का केंद्र मोरक्को के मराकेश शहर से करीब 70 किलोमीटर दूर था। भूकंप इतना जोरदातर था कि उसका असर मराकेश से करीब 350 किलोमीटर दूर राजधानी रबात में भी महसूस किया गया। भारतीय समय अनुसार यहां सुबह के 3.41 बजे भूकंप आया। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक यह 120 सालों में उत्तरी अफ्रीका में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। 

USGS ने बताया कि 1900 के बाद से इस इलाके के 500 किमी क्षेत्र में कोई भी एम6 लेवल या इससे बड़ा भूकंप नहीं आया है। यहां एम-5 लेवल के 9 भूकंप ही दर्ज किए गए हैं। मराकेश में रहने वाले लोगों ने बताया कि भूकंप के चलते कई पुरानी इमारतें ढह गईं। लोग डरे हुए हैं और दूसरे भूकंप की आशंका के चलते घरों से बाहर निकल आए हैं। सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़े हैरान करने वाले फोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।

घर ढहने के ज्यादातर मामले पुराने मराकेश शहर में सामने आए हैं। लोगों ने प्रशासन के साथ मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। बड़े अपकरणों के आने का इंतजार किया जा रहा है। इस शहर में प्रसिद्ध लाल दीवार के कुछ फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए गए हैं, जिसमें एक हिस्से में बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं और कुछ हिस्से गिर गए हैं और मलबा सड़क पर पड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरक्को में भूकंप से जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, 'मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।'