मैंने 8 युद्ध रुकवाए, मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया तो कमेटी की बदनामी होगी: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। अगर नोबेल समिति उन्हें यह पुरस्कार नहीं देती है, तो इससे नोबेल समिति की बहुत बदनामी होगी।
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार पर अपनी दावेदारी जताई है। उन्होंने तर्क दिया कि मैंने आठ युद्ध रुकवाए हैं। इसलिए उन्हें ही यह पुरस्कार मिलना चाहिए। अगर नोबेल समिति उन्हें यह पुरस्कार नहीं देती है, तो इससे नोबेल समिति की बहुत बदनामी होगी।
2026 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार, 9 अक्टूबर को होनी है। इससे ठीक पहले ट्रंप ने फिर से नोबेल शांति पुरस्कार पर अपनी दावेदारी पेश की है। पिछले साल भी ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार के लिए दावेदारी की थी।
ट्रम्प ने बुधवार को कहा, ‘मैं अपनी तारीफ नहीं कर रहा हूं, सिर्फ तथ्य बता रहा हूं। मैंने 8 युद्ध रुकवाए और दुनिया को तबाह होने से रोका। शायद किसी भी राष्ट्रपति ने इतने युद्ध नहीं सुलझाए।' ट्रम्प ने साल 2009 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मिले नोबेल शांति पुरस्कार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ओबामा को यह पुरस्कार मिलने की वजह उन्हें खुद भी पता नहीं थी।
नॉर्वे की नोबेल समिति ने ओबामा को दूसरे देशों से बातचीत बढ़ाने और दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने की उनकी कोशिशों के लिए चुना था। हालांकि, ओबामा को इतने कम समय में पुरस्कार देने का फैसला उस समय भी चर्चा और विवाद का विषय बना था।
ट्रम्प के लिए नोबेल प्राइज मांगना कोई नई बात नहीं है। अक्टूबर 2018 में भी एक कार्यक्रम में ट्रम्प ने नोबेल शांति पुरस्कार का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें शायद यह पुरस्कार कभी नहीं मिलेगा, भले ही उन्होंने कोरिया और सीरिया में शांति कायम करने की कोशिश कर रहे हों। इस तरह ट्रंप करीब 6 बार नोबेल के लिए खुद से दावेदारी कर चुके हैं।




