अगले 12 घंटे तक ट्रेनों-रेलवे ट्रैक से दूर रहो, इजरायल ने ईरानी नागरिकों को दी चेतावनी

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, इजरायली सेना ने बुधवार सुबह तक ईरानियों को ट्रेन यात्रा से बचने की चेतावनी दी है।

Updated: Apr 07, 2026, 04:54 PM IST

अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई लगातार भयावह होती जा रही है। ट्रंप ने ईरान को बुधवार सुबह तक तबाह करने की धमकी दी है, इस बीच इजरायल ने ईरानी नागरिकों से ट्रेन की यात्रा न करने की वॉर्निंग दी है।

दरअसल, इजरायल की सेना ने ईरानियों को बताया है कि ट्रेनों में और रेलवे ट्रैक के पास उनकी उपस्थिति उनके जीवन को खतरे में डाल सकती है। ईरान-इजरायल युद्ध की लपटें अब ट्रेनों और रेलवे ट्रैकों तक पहुंचने वाली हैं। इसका अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि इजरायली सेना ने ईरान के लोगों को ट्रेन और रेलवे लाइनों से दूर रहने की तत्काल सलाह जारी की है।

इजरायली सेना ने अपने फारसी भाषा के अकाउंट पर लिखा है, ‘आपकी सुरक्षा के लिए हम पूरे देश में अब से अगले 12 घंटों तक (ईरानी समयानुसार रात 9 बजे तक) ट्रेनों का उपयोग करने या ट्रेन से यात्रा करने से बचने का अनुरोध करते हैं। ट्रेनों और रेलवे पटरी के पास आपकी मौजूदगी आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है।'

इस संदेश के जारी होते ही ईरान में कुछ बड़ा होने की आशंका पैदा हो गई है। युद्ध के इस छठे हफ्ते में ईरान में तबाही का एक और मंजर देखने को मिल सकता है। यह सलाह ईरान पर अमेरिका-इजरायल की ओर से किए गए संयुक्त हमलों के बीच में आई है, जो मंगलवार सुबह तड़के किए गए हैं। ईरानी मीडिया की मानें तो इन हमलों में तेहरान में स्थित राफी-निया सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थनालय) पूरी तरह से नष्ट हो गया है।

बता दें कि अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर पहला हमला 28 फरवरी 2026 को किया गया था। जिसके बाद से ईरान भी लगातार इजरायल पर, अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर और खाड़ी देशों पर मिसाइल से हमले कर रहा है। अब यह युद्ध और गंभीर रूप लेता दिख रहा है।