Coronavirus महाराष्ट्र के PWD मंत्री अशोक चौहान Positive

महाराष्ट्र सरकार के दूसरे मंत्री कोरोना की चपेट में। इससे पहले जितेंद्र अवाड कोरोना संक्रमित हुए थे

Publish: May 26, 2020, 04:24 AM IST

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चौहान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 62 वर्षीय चौहान को इलाज के लिए नांदेड़ से मुम्बई शिफ्ट किया गया है। फिलहाल महाराष्ट्र कैबिनेट में वे लोकनिर्माण मंत्री (PWD MINISTER) हैं। इसके पहले महाराष्ट्र कैबिनेट में मंत्री जितेंद्र आव्हाड भी COVID-19 पॉजिटिव पाए गए थे।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण का फैलाव दर अमेरिका के जैसा है। इस वायरस से अबतक महाराष्ट्र कैबिनेट के दो मंत्री संक्रमित पाए गए हैं। रविवार देर रात पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के मंत्री अशोक चौहान के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई है। चौहान का नांदेड़ में प्राथमिक इलाज हुआ। उन्‍हें सोमवार सुबह बेहतर इलाज के लिए मुम्बई शिफ्ट किया गया है।

बता दें कि इसके पहले उद्धव सरकार में मंत्री व एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे जिनके संपर्क में आने के बाद उनके 14 निजी स्टाफ को भी इस संक्रमण ने अपने चपेट में ले लिया था। फिलहाल जितेंद्र इस संक्रमण से ठीक होकर घर लौट गए हैं।

 


महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हजार को पार कर चुकी है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक प्रदेश में इस संक्रमण से तकरीबन 1635 लोगों की मौत हुई है वहीं 33,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले 24 घण्टे में राज्य में 3,041 नए कोरोना मरीज मिले हैं वहीं 1,196 लोगों की स्वस्थ्य होने की खबर है।