भारतीय मूल के नील मोहन बने यूट्यूब के नए CEO, जानें कौन हैं नील जिन्हें मिली यह अहम जिम्मेदारी

नील मोहन ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। वह अपनी पत्नी हेमा सरीम के साथ सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं।

Updated: Feb 17, 2023, 05:56 AM IST

सैन फ्रांसिस्को। दुनिया की सबसे पॉपुलर वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब के नए सीईओ का ऐलान हो गया है। यूट्यूब की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक ने गुरुवार को नए सीईओ के नाम की घोषणा की। कंपनी की पूर्व सीईओ सुसान वोज्स्की के इस्तीफे के बाद भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक नील मोहन को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

नील 9 साल से यूट्यूब की CEO रही Susan Wojiciki को रिप्लेस कर रहे हैं। सुसान ने एक लेटर लिखकर अपनी इस्तीफे की जानकारी दी है। उन्होंने अपने लेटर में बताया कि वह अपने जीवन का एक नया चैप्टर शुरू करने जा रही हैं। वह अपनी फैमिली, हेल्थ और पर्सनल प्रोजेक्ट को लेकर कुछ नया काम करेंगी।

कौन हैं नील

नील मोहन ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। वह अपनी पत्नी हेमा सरीम के साथ सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं। नील ने अपने करियर की शुरुआत ग्लोरफाइड टेक्निकल सपोर्ट से की थी। उस वक्त उनकी एनुअल इनकम 60,000 डॉलर थी। ग्लोरफाइड टेक्निकल सपोर्ट के बाद उन्होंने डबल क्लिक ज्वाइन किया, जिसे 2008 में गूगल ने खरीद लिया था। इसके बाद से ही नील मोहन गूगल का हिस्सा बन गए थे। इसके बाद साल 2015 में उन्होंने YouTube ज्वाइन किया। यहां उन्हें चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर बनाया गया। यहां उन्होंने अपनी भूमिका निभाते हुए शॉर्ट्स, म्यूजिक और सब्सक्रिप्शन पर फोकस किया। अब उन्हें सीधा कंपनी का CEO बनाया गया है।

नील मोहन ने कहा कि वह इस महत्वपूर्ण मिशन को जारी रखने के लिए उत्साहित हैं और एक नए भविष्य की आशा कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ''धन्यवाद, सुसान वोजिकी, वर्षों से आपके साथ काम करना अद्भुत रहा है। आपने YouTube को रचनाकारों और दर्शकों के लिए एक असाधारण घर बना दिया है। मैं इस महत्वपूर्ण मिशन को जारी रखने के लिए उत्साहित हूं।” 

49 वर्षीय नील मोहन ने स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए भी किया है। CEO का पदभार संभालते ही मोहन Google की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, आईबीएम के अरविंद कृष्ण और एडोब के शांतनु नारायण के साथ भारतीय मूल के वैश्विक तकनीकी प्रमुखों की सूची में शामिल हो गए हैं।