UNGA के अध्यक्ष ने फिलिस्तीन विवाद से की कश्मीर मुद्दे की तुलना, संयुक्त राष्ट्र में और मजबूती से उठाने की वकालत

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष वोल्कन बोजकिर ने पाकिस्तानी दौरे पर किया पाकिस्तान के रुख़ का समर्थन, कहा दक्षिण एशिया में शांति के लिए ज़रूरी है भारत और पाकिस्तान के संबंधों के बीच सामान्यीकरण

Updated: May 28, 2021, 05:42 AM IST

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष वोल्कन बोजकिर ने कुछ ऐसा कह डाला है, जिससे विवाद बढ़ सकता है। बोजकिर ने फिलिस्तीन विवाद की तुलना कश्मीर मुद्दे से कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मसले को और मजबूती से उठाने की सलाह भी दी है। बोजकिर ने ये बातें अपने पाकिस्तानी दौरे के दौरान कही हैं। 

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष के बयान को भारतीय मीडिया में पाकिस्तानी अखबर द डॉन के हवाले से प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जा रहा है। जिसमें बोजकिर ने कश्मीर मसले पर पाकिस्तान का पक्ष लेते हुए इसे इस मुद्दे को और मजबूती के साथ उठाने की सलाह दी है। बोजकिर ने कहा है कि कश्मीर मसले को सुलझाने एक मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की साफ तौर पर कमी दिखती है। लिहाज़ा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की ज़िम्मेदारी पाकिस्तान की होनी चाहिए। क्योंकि फिलिस्तीन और कश्मीर विवाद एक समय के ही हैं। 

यह भी पढ़ें : एक व्यक्ति को अलग अलग वैक्सीन की डोज लगने से नहीं है कोई खतरा, नीति आयोग के स्वास्थ्य सदस्य का दावा

इसके साथ ही बोजकिर ने भारत में कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति की आलोचना भी की है। हालांकि बोजकिर ने सीधे तौर पर अनुच्छेद 370 का ज़िक्र नहीं किया। लेकिन उन्होंने कहा कि शिमला समझौते के तहत यह तय किया गया था कि दोनों देशों के बीच इस मसले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाएगा। 

यह भी पढ़ें : चोकसी के वकील का दावा, एंटीगुआ से डोमिनिका जबरन ले जाया गया था मेहुल चोकसी, शरीर पर हैं चोट के निशान

दरअसल संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के आमंत्रण पर पाकिस्तानी दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुरैशी ने बोजकिर का ध्यान कश्मीर मसले पर आकर्षित किया, और फिलिस्तीन विवाद को कश्मीर विवाद से जोड़कर भी देखने के लिए कहा। तुर्की के रहने वाले बोजकिर अगस्त 2020 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष बने थे। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने सबसे पहला दौरा पाकिस्तान का ही किया था।