राजनाथ सिंह और चीन के रक्षा मंत्री के बीच नहीं होगी बैठक

दोनों के बीच बैठक होने की चीनी मीडिया की खबर को भारत ने खारिज कर दिया है।

Publish: Jun 24, 2020, 11:07 PM IST

Pic: Swaraj Express
Pic: Swaraj Express

मॉस्को में विक्ट्री डे सैन्य परेड के इतर भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके चीनी समकक्ष वेई फेंगे के बीच द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी। चीन की मीडिया ने इससे पहले कहा था कि राजनाथ सिंह और वेई फेंगे के बीच मॉस्को में बैठक हो सकती है। लेकिन भारत की तरफ से इसे नकार दिया गया। चीनी मीडिया ने यह दावा ऐसे समय किया जब भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव जारी है। विवाद की वजह से गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प भी हो चुकी है, जिसमें दोनों तरफ के सैनिकों को जान गंवानी पड़ी थी।

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर सोवियत संघ जीत की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर विक्ट्री डे सैन्य परेड में शिरकत करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर मॉस्को गए हैं। बताया जा रहा है कि चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगे के भी परेड में हिस्सा लेने की संभावना है।

इससे पहले चीनी मीडिया की एक खबर में कहा गया है कि वेई और सिंह मॉस्को में समारोह में हिस्सा ले रहे हैं और पूर्वी लद्दाख में सीमा पर तनाव को लेकर दोनों के बीच मुलाकात की संभावना है।

चीनी मीडिया की खबर के बारे में पूछे जाने पर भारत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता भारत भूषण बाबू ने कहा, ‘‘हमारे रक्षा मंत्री चीनी रक्षा मंत्री के साथ बैठक नहीं करेंगे।’’

रक्षा मंत्री का रूस का दौरा ऐसे वक्त हो रहा है जब भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों ने कहा कि चीन के साथ सीमा पर गतिरोध चल रहा है लेकिन सिंह रूस के साथ भारत के दशकों पुराने सैन्य संबंधों के कारण दौरे पर गए हैं ।