कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास फिर चली गोलियां, लॉरेंस गैंग ने दी धमकी

कनाडा के सरे में कपिल शर्मा के कैफे के पास चौथी बार फायरिंग हुई। 120 स्ट्रीट स्थित रेस्टोरेंट को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े व्यक्ति ने धमकी दी।

Updated: May 03, 2026, 03:55 PM IST

कनाडा के सरे शहर में कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े कैफे के आसपास एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह फायरिंग 120 स्ट्रीट इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट पर की गई। जो कपिल शर्मा के कैप्स कैफे के ठीक पास है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू नाम के व्यक्ति ने पोस्ट शेयर कर इसकी जिम्मेदारी ली। साथ ही कपिल शर्मा को खुली धमकी भी दी। पोस्ट में दावा किया गया कि जिस चाय सुट्टा बार पर गोली चलाई गई वह उनके कैफे के पड़ोस में है और यह एक चेतावनी है। साथ ही लिखा गया कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगला निशाना उनका कैफे और मुंबई स्थित घर हो सकता है।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही इलाके को घेर लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कपिल शर्मा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा के कैफे को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले साल 2025 में उनके कैफे पर तीन बार फायरिंग हो चुकी है। 10 जुलाई 2025 को कैफे के उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद पहली बार हमला हुआ था। उस दौरान हमलावरों ने इमारत की खिड़कियों पर गोलियां चलाई थी। इसके बाद 7 अगस्त 2025 को दोबारा फायरिंग की गई और फिर 15-16 अक्टूबर 2025 को तीसरी बार कैफे को निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं के बाद भी गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के दावे किए थे।

इन हमलों के पीछे कथित तौर पर लॉरेंस गैंग की नाराजगी को वजह बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, द ग्रेट इंडियन कपिल शो के लॉन्च में सलमान खान को आमंत्रित किए जाने के बाद यह गैंग नाराज हो गया था। इससे पहले भी गैंग की ओर से चेतावनी दी गई थी कि जो कोई सलमान खान के साथ काम करेगा उसे परिणाम भुगतने होंगे।

दरअसल, गैंग और सलमान खान के बीच पुराना विवाद 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ा है। इस समुदाय में काले हिरण को पवित्र माना जाता है। जिसके चलते पिछले कई सालों से अभिनेता और उनके करीबी लोगों को धमकियां मिलती रही हैं।