मध्यप्रदेश के प्रशासनिक केंद्र मंत्रालय में फूटा कोरोना बम, 15 कर्मचारी कोरोना संक्रमित

भोपाल स्थित मंत्रालय में कोरोना का कहर, एक साथ 15 कर्मचारी संक्रमित, 9 वित्त विभाग के कर्मचारी भी शामिल

Updated: Mar 18, 2021, 07:45 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। मध्यप्रदेश का प्रशासनिक केंद्र कहे जाने वाले मंत्रालय में कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां गुरुवार को एक साथ 15 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। यहां के फाइनेंस डिपार्टमेंट के 9 कर्मचारी, संसदीय कार्य विभाग में 4 कर्मचारी, स्कूल शिक्षा विभाग के 2 कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बता दें कि दो दिन पहले ही विधानसभा का बजट सत्र खत्म हुआ है। इस दौरान मंत्रालय के कर्मचारियों का भी आना जाना विधानसभा होता रहा है। बजट में वित्त विभाग के कर्मचारी अधिकारी शामिल रहे हैं। भोपाल स्थित इसी मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, समेत विभिन्न मंत्रियों के दफ्तर हैं, प्रदेश का प्रशासनिक कामकाज यहीं से होता है। यहां रोजाना सैकड़ों लोगों का आना जाना रहता है। अब इन कर्मचारियों की कांन्टेक्ट लिस्ट खंगाली जा रही है।

वहीं इससे पहले बजट सत्र के दौरान विधानसभा के चार मार्शल, एक असिस्टेंट डायरेक्टर, समेत 8 कर्मचारी संक्रमित मिले थे। वहीं सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक विजय लक्ष्मी साधौ समेत चार विधायक कोरोना संक्रमित मिल चुके है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार की वजह से विधानसभा की बजट सत्र जल्दी समाप्त कर दिया गया था। भोपाल, इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। कोरोना गाइड लाइन्स को लेकर सख्ती बरती जा रही है। रात दस बजे के बाद बाहर निकलने पर पाबंदी लगाई गई है। सार्वजनिक आयोजनों, शादी समारोहों आयोजन स्थल की क्षमता से आधे लोगों को बुलाने का नियम लागू किया गया है।

वहीं बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 832 नए केस सामने आए हैं। संक्रमितों की यह संख्या साल 2021 में ये अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इंदौर में 232, भोपाल में 196 नए मरीज मिले हैं। बुधवार को इंदौर और भोपाल में कोरोना से एक-एक  मरीज की मौत हुई है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2 ,71, 040  पहुंच गया है। मध्यप्रदेश में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 5,616 है।