ग्वालियर में क्रिकेट पिच के विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक से मारपीट के बाद मारी गोली
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में 24 वर्षीय अरेंद्र सिंह गौड़ पर जानलेवा हमला किया गया। पहले लाठी-डंडों से मारपीट की गई फिर कट्टे से गोली मार दी गई।
ग्वालियर। क्रिकेट खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने ग्वालियर में हिंसक रूप ले लिया। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के रामदास घाटी स्थित हॉकर्स जोन के पास क्रिकेट की पिच को लेकर हुए झगड़े में 24 वर्षीय युवक अरेंद्र सिंह गौड़ पर जानलेवा हमला हुआ। पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई और फिर कट्टे से गोली मार दी गई। गोली युवक के पेट में लगी है जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना उस वक्त हुई जब सोलर कंपनी में काम करने वाला अरेंद्र अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने पहुंचा था। मैदान पर पहले से कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। अरेंद्र और उसके दोस्तों ने खेलने के लिए थोड़ी जगह देने को कहा। इसी बात पर क्रिकेट की पिच को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने मिलकर अरेंद्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया और बाद में कट्टे से उसपर फायरिंग कर दी गई।
गोली पेट में लगते ही अरेंद्र मौके पर गिर पड़ा और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल अरेंद्र ने अपने बयान में आशु करोसिया और उसके साथियों पर मारपीट और कट्टे से गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं और आरोपियों की पहचान के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी है।
मामले के जांच अधिकारी और सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र शर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




