डबल मर्डर के विरोध में रीवा-मऊगंज बंद, ब्राह्मण समाज ने निकाला कैंडल मार्च

बंद का आयोजन मऊगंज में पुलिसकर्मियों के साथ हुई मारपीट की घटना और दो की हत्या के विरोध में किया गया है।

Updated: Mar 18, 2025, 03:37 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के मऊगंज में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। 20 लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसे लेकर मंगलवार को रीवा और मऊगंज पूरी तरह बंद है। कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता विरोध में सड़कों पर उतरा आए हैं।

बता दें कि मऊगंज के गड़रा में होली के दूसरे दिन हुई हिंसा में सनी द्विवेदी और एएसआई रामचरण गौतम की हत्या कर दी गई। इसके अलावा कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल भी हुए। पुलिस की टीम सनी द्विवेदी को पीटे जाने की खबर मिलने के बाद उसे बचाने गई थी। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया और एक ASI की हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें: होली मनाओ और दो पैग ज्यादा पियो, होली मिलन समारोह में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का विवादित बयान

गडरा कांड के विरोध में आज रीवा और मऊगंज में बंद का आह्वान किया गया है। मंगलवार सुबह सतना और मैहर से कई समूह रीवा और मऊगंज के लिए रवाना हुए। सभी लोग रीवा के कॉलेज चौराहे पर इकट्ठा हुए और कैंडल मार्च निकाला। विंध्य क्षेत्र, सतना और मैहर में ब्राह्मण संगठन इस घटना के विरोध में सक्रिय हो गए हैं। 

सोशल मीडिया पर भी ब्राह्मण समाज के लोग इस घटना का विरोध कर रहे हैं। क्षत्रिय रॉयल राजपूत संगठन ने भी रीवा बंद का समर्थन किया है। सर्व ब्राह्मण समाज के नेताओं ने सीधी के पेशाब कांड का हवाला देते हुए मऊगंज कांड के आरोपियों पर भी बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीधी में ब्राह्मण समाज के आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया गया था, अब मऊगंज कांड के आरोपियों पर भी वैसी ही सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

मैहर के रामनगर में सवर्ण समाज के नेतृत्व में युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर शहीद एएसआई रामचरण गौतम और सनी द्विवेदी को श्रद्धांजलि दी। सतना में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश दुबे ने डीजीपी के नाम सीएसपी को ज्ञापन दिया।