मसूरी में भोपाल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने गया था युवक
भोपाल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष नए साल की छुट्टियां मनाने दोस्तों के साथ मसूरी गया था। जन्मदिन पार्टी के बाद कमरे में सोने गया युवक शनिवार सुबह मृत मिला।
मसूरी। नए साल की छुट्टियां मनाने दोस्तों के साथ मसूरी गए भोपाल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक शुक्रवार रात एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद अपने कमरे में सोने गया था। लेकिन शनिवार सुबह कमरे में उसका शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवाया गया। मौत के सही कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस को युवक की मौत की जानकारी शनिवार सुबह करीब 11 बजे एमडीटी-112 के जरिए मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने होटल पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान सामने नहीं मिले हैं। हालांकि, परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक हर्ष 1 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ मसूरी पहुंचा था। 2 जनवरी की रात सभी दोस्तों ने अपनी साथी भावना वर्मा का जन्मदिन मनाया। पार्टी के बाद रात करीब 11 बजे हर्ष अपने कमरे में सोने चला गया। अगली सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो दोस्तों ने कमरे में जाकर देखा। कमरे में वह अचेत अवस्था में मिला। बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और होटल स्टाफ, दोस्तों तथा पार्टी से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।




