अफ्रीका से MP आई महिला यात्री लापता, स्वास्थ्य महकमे में मचा हड़कंप

अफ्रीकी महिला यात्री 18 नवंबर को दक्षिण अफ्रीकी देश बोत्सवाना से दिल्ली आई थी, दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर वह जबलपुर पहुंची, लेकिन महिला का अब कोई अता पता नहीं चल रहा है, प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग महिला की तलाश में जुटा हुआ है

Updated: Nov 29, 2021, 04:21 AM IST

Photo Courtesy: The Hacker News
Photo Courtesy: The Hacker News

भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच अफ्रीका से मध्य प्रदेश आई एक महिला यात्री लापता चल रही है। अफ्रीकी नागरिक के गायब होने के कारण प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग अफ्रीकी महिला की तलाश में जुटा हुआ है। रविवार को जबलपुर में महिला की तलाश में कई जगह छापेमारी भी की गई। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 18 नवंबर को अफ्रीकी देश बोत्सवाना की नागरिक दिल्ली आई थी। दिल्ली पहुंचने के बाद वह एयर इंडिया की फ्लाइट से जबलपुर पहुंची। लेकिन इसके बाद वह लापता हो गई। रविवार को अफ्रीकी यात्री के जबलपुर आने की खबर जब प्रशासन को लगी, तब प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। 

रविवार को स्वास्थ्य विभाग को यह जानकारी मिली की बोत्सवाना की नागरिक 24 वर्षीय खुमो ओरिमेट सेलिन हाल ही में जबलपुर पहुंची है। अफ्रीकी देशों सहित दुनिया भर के तमाम देशों में omicron की पुष्टि होने के बाद जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग ने शहर भर के तमाम होटलों में छापेमारी की। लेकिन इसके बाद भी अफ्रीकी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग ने होटल संचालकों से विदेशी नागरिक की जानकारी मांगी है।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने एयर इंडिया से 18 नवंबर को जबलपुर आए यात्रियों से संबंधित जानकारी मांगी है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग इन यात्रियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग करेगा। वहीं अफ्रीकी पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। अफ्रीकी नागरिक का पता चलने पर लोगों से इन नंबरों पर संपर्क कर सूचित करने के लिए कहा गया है। 

हेल्पलाइन नंबर

- 9111007776

- 9039095222

- 8962548384