घर-घर में शराब, घर-घर में बेरोजगारी, यही है भाजपा सरकार की उपलब्धि: प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले कमलनाथ

उमरिया में प्रेस वार्ता के दौरान पीसीसी चीफ ने कहा, "किसान का सत्यानाश, नौजवानों का सत्यानाश, निवेश का सत्यानाश, व्यापारियों का सत्यानाश , कानून व्यवस्था सत्यानाश, पोषण खाद्यान्न सत्यानाश, गौवंश का सत्यानाश, यह आज प्रदेश की छवि है।"

Updated: Feb 08, 2023, 09:45 AM IST

उमरिया। मिशन 2023 में जुटे पीसीसी चीफ कमलनाथ बुधवार को उमरिया दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर चुन-चुनकर हमले किए। पूर्व सीएम ने कहा कि घर-घर में शराब, घर-घर में बेरोजगारी, यही भाजपा सरकार की उपलब्धि है।

पूर्व सीएम ने कहा, "वन और कोयला उमरिया जिले की पहचान है। आज कोयला क्षेत्र की क्या हालत है? पहले प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग रोजगार के लिए उमरिया आया करते थे, आज उमरिया में रोजगार के हालात खराब हैं। बड़े पैमाने पर लोग पलायन करने के लिए मजबूर है। यहां वन भूमि के चार लाख पट्टे निरस्त कर दिए गए हैं। नीचे तक भ्रष्टाचार का एक सिस्टम बना हुआ है प्रदेश में, पैसे दो काम लो की नीति चल रही है।"

कमलनाथ ने आगे कहा, "किसान का सत्यानाश, नौजवानों का सत्यानाश, निवेश का सत्यानाश, व्यापारियों का सत्यानाश, कानून व्यवस्था सत्यानाश, पोषण खाद्यान्न सत्यानाश, गौवंश का सत्यानाश, यह आज प्रदेश की छवि है और शिवराज सिंह जी विकास यात्रा निकाल रहे हैं। 18 वर्ष के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुझसे मेरे 15 महीने का हिसाब मांगते हैं। हमारे 15 महीने की गवाह जनता है। जनता समझ रही है शिवराज सिंह चौहान नाटक नौटंकी कर रहे हैं, यह विकास यात्रा नहीं यह भारतीय जनता पार्टी की निकास यात्रा है। प्रदेश की जनता भोली भाली है परंतु बहुत समझदार है उन्हें ज्यादा ज्ञान देने की आवश्यकता नहीं है।"

यह भी पढ़ें: PM मोदी के दोस्त की संपत्ति 2.5 साल में 13 गुना बढ़ गई, ऐसा क्या जादू हुआ: मल्लिकार्जुन खड़गे

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि, "मध्य प्रदेश में आज जुआ सट्टा चरम पर है, शराब चरम पर है, घर-घर में शराब, घर-घर में बेरोजगारी। यही भारतीय जनता पार्टी की उपलब्धि है। कांग्रेस की सरकार बनते ही कानून बनाकर ऑनलाइन जुए सट्टे पर रोक लगाएंगे।"

कर्जमाफ़ी से जुड़े सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि, "मेरा लक्ष्य था कृषि क्षेत्र में क्रांति आए। प्रदेश की 70% अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। प्रथम चरण में 27 लाख किसानों का कर्ज हमने माफ किया था। दूसरा चरण शुरू होने के पहले ही षड्यंत्र से सरकार को गिरा दिया गया। हमारी सरकार की कर्ज माफी योजना के चलते कोई भी किसान डिफॉल्टर नहीं हुआ। किसानों को भारतीय जनता पार्टी को इसके लिए दोष देना चाहिए कि उन्होंने कर्ज माफी योजना क्यों बंद की?"

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि, "किसान आज खाद बीज के लिए भटक रहा है। अपनी फसल के सही मूल्य के लिए भटक रहा है। सबसे ज्यादा पीड़ित आज प्रदेश में किसान और नौजवान हैं।" भावी सीएम वाले पोस्टर्स को लेकर पूर्व सीएम ने कहा, "भावी मुख्यमंत्री को लेकर कोई भी कार्यकर्ता नारा लगाए। मैं उसे रोक नहीं सकता, परंतु मैंने पहले भी कहा है कि मैं किसी भी पद का आकांक्षी नहीं हूं। मेरा उद्देश्य मध्य प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखना है और उसके लिए किसी पद की आवश्यकता नहीं है।"

यह भी पढ़ें: RBI ने लगातार छठी बार बढ़ाया रेपो रेट, कार और होम लोन फिर होंगे महंगे

पूर्व सीएम ने कहा, "मैंने संविदा और आउटसोर्स  कर्मचारियों की मांगों का हमेशा समर्थन किया है। आज संविदा और आउटसोर्स में किसी भी प्रकार का आरक्षण नहीं दिया जा रहा है। संविदा और ठेका श्रमिकों को न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। आउट सोर्स ठेकेदार ऊपर तक कमीशन पहुंचाते हैं। प्रदेश में आज 3 लाख 50 हज़ार करोड़ से ज्यादा का कर्ज है। यह कर्ज इसलिए लिया जा रहा है ताकि बड़े-बड़े ठेके दिए जा सकें।"

उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, "शिवराज सिंह चौहान चुनावी वर्ष में कई घोषणाएं करेंगे। उन्होंने मीडिया में अपने मुंह से कहा है कि मैं घोषणा मशीन हूं, पर यह बात नहीं कहते कि मैं झूठ की मशीन भी हूं। बड़ी दुख की बात है शिवराज सरकार का ध्यान अस्पतालों में, स्कूल में और शिक्षा, स्वास्थ्य में नहीं है। उनका ध्यान केवल किस प्रकार जनता की जेब से पैसे निचोड़े जाएं इस पर ज्यादा है।"