MP में BJP जिलाध्यक्षों की घोषणा शुरू, उज्जैन में संजय अग्रवाल तो विदिशा में महाराज सिंह को मिला पद
फिलहाल सिर्फ सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज के जिलों में BJP जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी गई है। अन्य जिलों की घोषणा भी जल्द ही होने की संभावना है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद बीजेपी ने जिला अध्यक्षों की घोषणा शुरू कर दी है। रविवार को सबसे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन के लिए जिला अध्यक्ष का ऐलान किया गया। यहां संजय अग्रवाल को जिला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने अग्रवाल के नगर जिला अध्यक्ष बनने का पत्र जारी किया है।
इसके बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह के संसदीय क्षेत्र वाले विदिशा जिले के लिए जिला अध्यक्ष का ऐलान किया गया। यहां महाराज सिंह दांगी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। उज्जैन नगर जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संजय अग्रवाल ने कहा कि पार्टी ने मुझ जैसे छोटे से कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। इसके लिए मैं पार्टी को धन्यवाद देता हूं। मैं जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।
यह भी पढे़ं: पूर्व परिवहन कांस्टेबल सौरभ की डायरी में 1300 करोड़ का हिसाब, जीतू पटवारी ने जांच एजेंसियों पर उठाए सवाल
बीजेपी जिला अध्यक्षों की सूची घोषित न होने से प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष बढ़ रहा था। कई जिलों में जिलाध्यक्षों को लेकर तलवारें खिंची हुई हैं। तो वहीं सागर, ग्वालियर, इंदौर जैसे महानगरों में दिग्गज अपने-अपने करीबी को अध्यक्ष बनवाने ताकत लगा रहे हैं। ऐसे में बीजेपी ने सबसे पहले सीएम डॉ मोहन यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र मुख्यालय के जिले विदिशा से महाराज सिंह दांगी को जिला अध्यक्ष घोषित किया है।
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि इन दोनों जिलों में इन नामों को लेकर किसी तरह का विरोध नहीं था। दोनों जिलों के नव नियुक्त अध्यक्ष स्थानीय दिग्गजों के करीबी हैं ऐसे में बीजेपी ने सबसे पहले यही दोनों जिले घोषित किए। अन्य जिलों पर बड़े नेताओं के दबाव और राजनीतिक समीकरणों के कारण घोषणा नहीं हुई है और इन जिलों को होल्ड पर रखा गया है। केंद्रीय नेतृत्व पुनर्विचार कर रहा है, जिससे सूची में देरी हो रही है।