खंडवा में मांस, मछली और अंडा की बिक्री पर प्रतिबंध, गुरूपूर्णिमा को लेकर नगर निगम ने जारी किया आदेश
गुरुपूर्णिमा पर्व के अवसर पर श्री दादाजी धुनीवाले का वार्षिक मेला 9 जुलाई से 11 जुलाई तक लग रहा है। ऐसे में खंडवा में तीन दिन तक मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर बैन लगाया गया है।

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मांस, मछली और अंडा की बिक्री पर बैन लगा दिया गया है। यह बैन तीन दिन तक लागू रहेगा। गुरु पूर्णिमा के कारण नगर निगम ने आदेश जारी कर यह प्रतिबंध लगाया है। खंडवा नगर निगम महापौर अमृता अमर यादव ने बताया कि यह फैसला शांति और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लिया गया।
दरअसल, खंडवा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री दादाजी धूनीवाले दरबार में भव्य महोत्सव मनाया जाता है। लाखों श्रद्धालु इन तीन दिनों में दर्शन के लिए आते हैं। इस बार भी श्री दादाजी धुनीवाले का वार्षिक मेला 9 जुलाई से 11 जुलाई तक लग रहा हैं। इस पावन अवसर पर नगर निगम ने शांति व धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए मांसाहारी दुकानों के खुलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नगर निगम के अफसरों का कहना है कि यह निर्णय हाल ही में हुई अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकने, धार्मिक श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने व मेलास्थल के पवित्र वातावरण को सुरक्षित रखने के लिए लिया गया है। निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि, प्रतिबंध की अवधि में सख्त निगरानी रखी जाए।
साथ ही श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। निगम आयुक्त प्रियंका सिंह राजावत के मुताबिक, मेलास्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए भी निगम प्रशासन सजग रहेगा।
बता दें कि बीते दिनों दादाजी धूनीवाले के निशान लेकर आ रहे भक्तों को ढाबे पर सेव टमाटर में नॉनवेज परोस दिया गया था। पंधाना क्षेत्र से दादाजी धूनीवाले के निशान लेकर श्रद्धालु खंडवा आ रहे थे। इसी दौरान एक ढाबे पर उन्हें सेव टमाटर की सब्जी की जगह मटन परोस दिया गया था। इस घटना के बाद हिंदू जागरण मंच ने जमकर बवाल मचाया था।