T-20 World Cup: अहमदाबाद में भारत की करारी हार, सुपर-8 में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को मिली करारी हार। सुपर-8 में साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया।
अहमदाबाद। टी20 विश्व कप के 10वें सीजन में टीम इंडिया को पहली हार का सामना करना पड़ा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से हरा दिया है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटियाज ने भारत के सामने 188 रनों का टारगेट दिया था। इसके जवाब में पूरी सूर्या ब्रिगेड केवल 111 रनों पर ढह गई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस हार के साथ ही भारत की लगातार 12 मैचों से चली आ रही जीत की लय थम गई। इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया का नेट रन रेट गिरकर -3.800 हो गया है। जिससे सेमीफाइनल की राह अब चुनौतीपूर्ण बन गई है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने शुरुआती झटकों के बावजूद 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय पारी में शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। अफ्रीकी गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई थी।
साउथ अफ्रीका की जीत में तेज गेंदबाज मार्को यानसन ने सबसे अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी। स्पिनर केशव महाराज ने 3 विकेट हासिल किए थे। जबकि, कॉर्बिन बॉश ने 2 और कप्तान ऐडन मार्करम को एक सफलता मिली थी। दूसरी ओर भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए थे लेकिन बीच के ओवरों में रन गति पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका था।
अफ्रीकी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने मात्र 20 रन पर अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए थे। क्विंटन डी कॉक 6, ऐडन मार्करम 4 और रियान रिकेल्टन 7 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए थे। पावरप्ले के बाद स्कोर 41/3 था और भारत मैच में मजबूत स्थिति में दिख रहा था। यहीं से डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने मैच का रुख पलट दिया। दोनों ने सिर्फ 50 गेंदों में 97 रन की तेज साझेदारी कर रन रेट लगभग 10 प्रति ओवर तक पहुंचा दिया था।
इस दौरान मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की आक्रामक पारी खेली थी। जबकि, ब्रेविस ने टीम के खाते में 45 रन जोड़े थे। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया था। पारी के आखिरी ओवर में हार्दिक पंड्या के खिलाफ आए 20 रन भी साउथ अफ्रीका की जीत में निर्णायक साबित हुए थे। शानदार बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी। ओपनर्स ईशान किशन और अभिषेक शर्मा टीम को ठोस शुरुआत नहीं दे सके और दोनों दहाई का आंकड़ा पार करने से पहले आउट हो गए थे। तिलक वर्मा भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में आ गई और पूरी पारी में कोई भी अर्धशतकीय साझेदारी नहीं कर सकी। मिडिल ओवर्स में रन गति धीमी रही और 7वें से 15वें ओवर के बीच भारत ने केवल 57 रन बनाते हुए 5 विकेट गंवा दिए थे। 15वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को आउट कर मैच पूरी तरह साउथ अफ्रीका की झोली में डाल दिया।
इस हार का असर अंकतालिका पर भी साफ दिखा है। सुपर-8 में बड़े अंतर से हारने के कारण भारत का नेट रन रेट काफी नीचे चला गया है। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को अपने बाकी दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि नेट रन रेट सुधर सके और अन्य टीमों से आगे निकलने का मौका बन सके।




