चुनावी साल में बीजेपी को जोरदार झटका, 700 कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल हुईं मुलताई नपा अध्यक्ष
पीसीसी चीफ कमलनाथ की मौजूदगी में मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद सिंह परमार ने ली कांग्रेस की सदस्यता, बसपा और AAP के पदाधिकारी भी हुए कांग्रेस में शामिल।
 
                                    भोपाल। चुनावी साल में मध्य प्रदेश में सत्ताधारी दल बीजेपी को जोरदार झटका लगा है। बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद सिंह परमार कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने बुधवार को उन्हें अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान मुलताई से कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे के नेतृत्व में बीजेपी, बीएसपी और आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जॉइन की।
जानकारी के मुताबिक मुलताई के विभिन्न पार्टियों के करीब 700 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी सदस्यता ली। जिन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली उनमें वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद परमार, भीम सिंह चंदेल, आम आदमी पार्टी के नीरजा लोधी, बीएसपी के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ हेमंत वाईकर भी शामिल हैं। इस अवसर पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि हम सबको भारतीय संस्कृति को मजबूत करना है। मैं आप लोगों से यह नहीं कहता कि कांग्रेस पार्टी के साथ दीजिए मैं आपसे निवेदन करता हूं कि सत्य का साथ दें।
बीजेपी नगर पालिका अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल :
— MP Congress (@INCMP) March 1, 2023
बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका की अध्यक्ष नीतू प्रहलाद सिंह परमार जी ने बीजेपी छोड़कर अपने 700 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
“जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस” pic.twitter.com/xi65jvpTaR
कमलनाथ ने आगे कहा की हरदा उनका पड़ोसी जिला है और मुलताई के लोग उनके पड़ोसी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब वे केंद्र सरकार में शहरी विकास मंत्री थे तो हरदा जिले की नगर पालिकाओं के लिए विशेष रूप से राशि आवंटित कराई थी।कमलनाथ ने कहा कि आप सब लोगों को मिलकर विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाना है।
इस दौरान मौजूद कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे ने कहा कि बैतूल जिले की जनता पूरी तरह से भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है। नगर पालिका में भाजपा के नेता कोई काम नहीं होने दे रहे थे। कमलनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
बता दें कि मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद सिंह ने भाजपा से बागी होकर नगर पालिका चुनाव लडा था और जीत दर्ज की। माना जा रहा है कि नगर पालिका अध्यक्ष के कांग्रेस में शामिल होने से मुलताई में कांग्रेस को और मजबूत हो जाएगी। विधानसभा चुनाव से पहले नीतू सिंह का कांग्रेस का दामन थाम लेना सत्ताधारी दल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।




 
                             
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
         
                                    
                                 
                                     
                                     
                                     
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								 
								