भाजपा ने भ्रष्टाचार की शिकायत में भी भ्रष्टाचार कर दिया, 50 फीसदी कमीशन मामले की शिकायत पर कांग्रेस का कटाक्ष

मध्य प्रदेश बीजेपी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व अन्य सीनियर नेताओं के खिलाफ भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच में आवेदन देकर FIR की मांग की है।

Updated: Aug 12, 2023, 06:16 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में 50 फीसदी कमीशनखोरी का आरोप झेल रही बीजेपी ने अब आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। भाजपा नेताओं ने शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पीसीसी चीफ कमलनाथ व अन्य सीनियर नेताओं के खिलाफ भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच में आवेदन देकर FIR की मांग की है। भाजपा के शिकायती आवेदन पर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार की शिकायत में भी भ्रष्टाचार कर दिया।

पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्वीट किया, 'भाजपा ने भ्रष्टाचार की शिकायत में भी भ्रष्टाचार कर दिया है। शिवराज सरकार पर 50% कमीशन लेने का आरोप लगाने वाले व्यक्ति का जो पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सार्वजनिक किया उसमें शिकायतकर्ता का नाम ज्ञानेंद्र अवस्थी है। जबकि भाजपा के जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने पुलिस में जो शिकायत लिखाई उसमें पत्र लिखने वाले व्यक्ति का नाम ज्ञानेंद्र तिवारी लिखा है।'

 

भ्रष्टाचार के दलदल में आकंठ डूबी भाजपा: पीयूष बबेले

पीयूष बबेले ने आगे लिखा, 'मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जांच कराई तो पाया कि शिकायत करने वाला व्यक्ति कोई है ही नहीं, वही भाजपा जिला अध्यक्ष ने एक नया नाम रखकर फ़रियादी को आरोपी बना दिया। भ्रष्टाचार के दलदल में आकंठ डूबी भाजपा इस पैंतरेबाजी से जनता को भ्रमित नहीं कर सकती।'

बता दें कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीनों का वक्त बचा है और शिवराज सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से चौतरफा घिरी हुई है। प्रदेश के कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने 50 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप लगाते हुए शिवराज सरकार को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि, भाजपा का कहना है कि ठेकेदार संघ का यह वायरल पत्र कूटरचित और काल्पनिक है, जिसे भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए वायरल किया गया है।

मामले में भोपाल के अलावा इंदौर में भी प्रियंका गांधी और PCC चीफ कमलनाथ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के नेतृत्व में विधि प्रकोष्ठ ने संयोगितागंज थाना और ईओडब्ल्यू विभाग से शिकायत की है। बता दें कि प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को अखबार का क्लिप शेयर कर लिखा था कि कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी। मध्य प्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।'