जबलपुर में चल समारोह के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, फायरिंग की सूचना, पूजन को लेकर हुई विवाद

जबलपुर कांचघर में दशहरा चल समारोह निकल रहा था। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व मंत्री विधायक अंचल सोनकर के अलग-अलग मंच बने हुए थे। यहीं दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने हो गए और मारपीट करने लगे।

Updated: Oct 04, 2025, 02:39 PM IST

जबलपुर। जबलपुर में शुक्रवार देर रात भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। सूचना मिलते ही जबलपुर एसपी सहित 4 थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को अलग किया। अपुष्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान एक युवक को गोली भी लगी है। हालांकि पुलिस अभी फायरिंग होने की पुष्टि करने से बच रही है।

रिपोर्ट्स के अनुसार घमापुर इलाके का दशहरा चल समारोह शुक्रवार को निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और झांकियां निकाली गईं। चल समारोह के स्वागत के लिए कांग्रेस नेता व विधायक लखन घनघोरिया के समर्थकों ने कांचघर चौराहे पर मंच सजाया था। वहां से जयकारे लगा रहे थे। इसी के ठीक सामने भाजपा नेता व पूर्व विधायक अंचल सोनकर के समर्थकों ने भी मंच लगा लिया। दोनों ही की ओर से चल समारोह के स्वागत के साथ ही नारेबाजी भी चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांग्रेस विधायक घनघोरिया समर्थकों के साथ पैदल चुंगी चौकी की ओर निकले। वहां पर भाजपा समर्थकों की भी खासी भीड़ थी। इसी दौरान दुर्गा प्रतिमा की झांकी आ गई तो विधायक घनघोरिया पूजन के लिए आगे बढ़े। यहीं पर भाजपा के कार्यकर्ता भी प्रतिमा को घेर कर खड़े हो गए। इसी को लेकर दोनों ही पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। इस बहसबाजी के दौरान ही किसी ने फायर कर दिया। इससे तनाव बढ़ गया और चौराहे पर भगदड़ मच गई।

सुरक्षा के लिए दोनों ही नेताओं के समर्थकों ने अपने नेता को घेरे में ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान दो से तीन राउंड फायरिंग हुई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। एक पिंटू अन्ना नाम के युवक को गोली लगने की खबर भी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। देर रात तक हुए हंगामा के बीच पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत करवाया। मौके पर टूटी कुर्सियां पड़ी हैं और मंच भी बिखरा हुआ है।

कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व विधायक अंचल सोनकर ने समर्थकों से शांत रहने की अपील की है। घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि जानकारी मिली थी कि कांचघर चल समारोह के दौरान भारी भीड़ सड़क पर एकत्रित हो गई है। किसी तरह का विवाद हो गया है, जिसके बाद अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा और विवाद को शांत करवाया। विवाद की असल वजह का पता लगाया जा रहा है।

उधर, जबलपुर के ही गढ़ा क्षेत्र में दुर्गोत्सव चल समारोह के बीच शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक रात करीब 11 बजे गुलौआ चौक स्थित सेंट्रल बैंक के सामने लगाया गया विशाल मंच पर लगी ट्रेस (लाइट लगाने के खंभे) अचानक भरभराकर गिर गए। इस हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं, जबकि श्वेता वर्मा नाम की महिला की मौत हो गई। उनके बेटे सौर वर्मा का जबलपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।