MP: नई कार्यकारिणी में पद नहीं मिलने से डिप्रेशन में BJP नेता, परिजनों ने कराया अस्पताल में भर्ती

सीहोर में जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी सूची में नाम न होने से वार्ड नंबर 6 के बूथ अध्यक्ष मनोज शर्मा डिप्रेशन की स्थिति में आ गए और उन्हें नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Updated: Jan 02, 2026, 07:03 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में भाजपा द्वारा जारी की गई जिला कार्यकारिणी की सूची चर्चा में है। नई कार्यकारिणी में जगह नहीं मिलने से भाजपा के एक नेता डिप्रेशन में आ गए। आलम ये हुआ कि उनके परिजनों ने गंभीर मानसिक अवसाद की स्थिति देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

दरअसल, पिछले हफ्ते भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने नवीन जिला पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी की थी। कार्यकारिणी में नाम नहीं होने से भाजपा नेता मनोज शर्मा, जो शहर के वार्ड नंबर 6 के बूथ अध्यक्ष भी हैं, डिप्रेशन की स्थिति में आ गए। उन्हें ऐसा सदमा लगा कि उनकी तबियत बिगड़ने लगी।

अचानक तबियत बिगड़ता देख उनके परिजन उन्हें बस स्टैंड स्थित नर्मदा हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि गहरा सदमा लगने से उनकी तबियत बिगड़ी है। फिलहाल शर्मा का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है। अस्पताल में भर्ती शर्मा ने मीडिया के माध्यम से कहा कि वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बड़ा पद दिलाने का आश्ववन दिया था। इस के बाद भी उन्हें जिला कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया। साथ ही सूची जारी होने के बाद किसी नेता ने उनका कॉल भी रिसीव नहीं किया।

उन्होंने मैं युवा कार्यकर्ताओं से कहा कि आप अपने परिवार के साथ समय बिताएं, अपना घर संभालें, माता पिता को संभालें और अपना धंधा पानी करें। उन्होंने कहा कि आज अस्पताल में मुझे देखने कोई नहीं आ रहा है। बुरे वक्त में कोई भी नेता साथ नहीं देता है।