दक्षिण भारत में भाजपा का सफाया हो गया, कर्नाटक चुनाव नतीजों पर बोले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आप देखेंगे कि सेंट्रल इंडिया से भी भाजपा का सफाया हो जाएगा। इस बार हमलोग मध्य प्रदेश में इतना बहुमत लेकर आएंगे की जोड़-तोड़ की गुंजाइश भी नहीं रहेगी: दिग्विजय सिंह

Updated: May 13, 2023, 06:27 PM IST

अनूपपुर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कर्नाटक ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। अबतक आए रुझानों के मुताबिक राज्य में कांग्रेस 130 सीटों पर आगे है, जबकि भाजपा 62 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कर्नाटक चुनाव नतीजों पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सिंह ने कहा कि दक्षिण भारत से भाजपा का पूरी तरह सफाया हो गया है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को अनूपपुर जिले के दौरे पर हैं। यहां वे मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की बैठक लेंगे। सिंह ने यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि कर्नाटक की तरह ही मध्य प्रदेश में भी भाजपा का सफाया होगा। सिंह ने कर्नाटक चुनाव नतीजों के लिए राज्य के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, विधायक दल के नेता सिद्धारमैया समेत अन्य नेताओं को शुभकामनाएं प्रेषित की है।

सिंह ने इस दौरान कहा कि मैं सबसे ज्यादा बधाई मल्लिकार्जुन खरगे जी को देता हूं, जिनके नेतृत्व ने हमलोग कर्नाटक विधानसभा का चुनाव लडे। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी खराब स्वास्थ्य होने के बाद भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने गईं, इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। सिंह ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत उन सभी नेताओं को बधाई दी है, जिन्होंने राज्य के चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था।

सिंह ने कहा, 'कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है और दक्षिण भारत में भाजपा का सफाया हो गया है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आप देखेंगे कि सेंट्रल इंडिया से भी भाजपा का सफाया हो जाएगा। इस बार हमलोग मध्य प्रदेश में इतना बहुमत लेकर आएंगे की जोड़-तोड़ की गुंजाइश ही नहीं रहेगी।' बता दें कि कर्नाटक चुनाव नतीजों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी जश्न का माहौल है। राजधानी भोपाल स्थित पीसीसी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे।