कमीशन मांगने पर भाजपा नेता की हुई पिटाई, अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने चप्पलों से कर दी धुनाई

उज्जैन के महिदपुर में बस स्टैंड का निर्माण हो रहा है। इसके काम में JCB लगाने के बदले भाजपा नेता कमीशन मांग रहा था। इसी बात पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

Updated: Aug 31, 2023, 08:09 PM IST

उज्जैन। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी हुई है। कांग्रेस के बाद अब स्वयं भाजपा नेता भी ये कहने लगे हैं कि शिवराज सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। कोलारस से भाजपा के विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने विकास कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया। प्रदेशभर ठेकदार 50% कमीशनखोरी के आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच उज्जैन से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां कमीशन मांगने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही पार्टी नेता की पिटाई शुरू कर दी।

मामला उज्जैन के महिदपुर का है। यहां से भाजपा नेता के सरेआम पिटाई का वीडियो सामने आया है। पिटने वाले बीजेपी नेता मंडल अध्यक्ष हैं और उनको पीटने वाले बीजेपी के आम कार्यकर्ता हैं। बीच बाजार चले लात-घूसों के इस सीन को राहगीरों ने अपने कैमरों में कैद किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लेकिन बीजेपी के इस मंडल अध्यक्ष की पिटाई हुई क्यों, यह और भी दिलचस्प है।

दरअसल, महिदपुर में बस स्टैंड का निर्माण हो रहा है। इसके काम में JCB लगाने के बदले भाजपा नेता कमीशन मांग रहा था। इसी बात पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मंडल उपाध्यक्ष की पिटाई करने वाले वाले जितेंद्र सिंह और जीवन सिंह जेसीबी संचालक हैं। वे भी भाजपा से ही जुड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि आए दिन मंडल उपाध्यक्ष पल्लव पोरवाल उनके खिलाफ शिकायत कर उनसे पैसों की डिमांड करता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। इसके बाद दोनों ने पल्लव को पीटना शुरू कर दिया। 37 सेकंड के वायरल वीडियो में जितेंद्र और जीवन, चप्पल और पाइप से पोरवाल की पिटाई करते नजर आ रहे हैं।