पीएम मोदी की सभा से वापस लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त, दो दर्जन महिलाएं घायल

पीएम मोदी की सभा में सवा लाख महिलाओं को इकट्ठा करने का लक्ष्य था, करीब 3 हजार बसों में सवार होकर महिलाएं सभा में शामिल होने के लिए पहुंची थीं

Updated: Sep 17, 2022, 02:43 PM IST

श्योपुर। प्रधानमंत्री मोदी की सभा से वापस लौट रही स्व-सहायता समूह के महिलाओं की एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इस भीषण हादसे में करीब दो दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। इनमें से चार की स्थिति नाजुक है। हादसे के वक्त बस में करीब 30 महिलाएं सवार थीं।

ये हादसा खोरघार की पुलिया के पास हुआ। बताया जा रहा है कि यह बस शिवपुरी जिले से श्योपुर के कराहल पहुंची थी। पीएम मोदी की सभा खत्म होने के बाद बस जब वापस लौट रही थी तो रास्ते में अनियंत्रित होकर पुलिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में घायल सभी महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभी घायलों के सकुशल होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'आज मध्यप्रदेश के श्योपुर से प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम से लौटते समय एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने व इस दुर्घटना में कई महिला यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली है। सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।'

दरअसल, शनिवार को कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ने के बाद पीएम मोदी ने श्योपुर के कराहल में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए करीब सवा लाख महिलाओं को कराहल बुलाया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए 3 हजार से अधिक बसों के प्रबंध किए गए थे। 

अव्यवस्था के कारण सड़क पर लंबी लाइनें लग गई थी। कई बसें रास्ते में खराब भी हो गई। जिसे महिलाएं स्वयं धक्के दे रहीं थीं। महिलाओं ने बताया कि गांव में शाम को ही बस आकर लग गए थे। सुबह चार बजे से वे भूखे प्यासे निकली हैं। उन्हें इस बात की भी चिंता थी कि इस कार्यक्रम के कारण उनके एक दिन का मजदूरी चला गया। 

रास्ते में हजारों महिलाएं इधर उधर सड़कों पर बैठी हुईं थीं। उन्हें जाम के कारण आगे नहीं जाने दिया गया। महिलाओं ने कहा कि सभा में भी नहीं जा पाए और जंगलों में भूखे प्यासे बैठे हुए हैं। प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। महिलाओं ने बताया कि उन्हें यह कहकर लाया गया था कि पीएम मोदी ने मिलने के लिए बुलाया है।