नर्मदा परिक्रमा के 6 साल पूरे होने पर दिग्विजय सिंह ने प्रकट किया आभार, सभी के संकल्प पूर्ण होने की कामना की

आज ही के दिन 2018 में छह महीने तक चली दिग्विजय सिंह की परिक्रमा पूर्ण हुई थी, यह एक ऐसा संकल्प था जिसके बारे में कांग्रेस नेता ने लगभग दो दशक पहले सोचा था

Updated: Apr 09, 2024, 01:09 PM IST

भोपाल। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा पूर्ण हुए आज छह साल पूरे हो गए। इस अवसर पर कांग्रेस नेता परिक्रमा के दौरान उनके साथ चलने वाले पदयात्रियों के प्रति अपना आभार प्रकट किया और साथ ही यह कामना की मां नर्मदा सभी के संकल्प पूर्ण करें। 

दिग्विजय सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर नर्मदा परिक्रमा से जुड़ा एक वीडियो साझा किया है। वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस ने कहा, "नर्मदे हर॥ 6 साल पहले आज ही के दिन हमने अपनी नर्मदा परिक्रमा पूर्ण की थी। 6 महीने माँ नर्मदा की गोद में खुद को सौंपकर मैंने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के स्थानीय लोगों का अपार स्नेह प्राप्त किया।9 अप्रैल मेरे लिए संकल्प पूर्ति का दिन है। माँ नर्मदा को प्रणाम करते हुए हमारी परिक्रमा पर बना वीडियो शेयर कर रहा हूँ।" 

कांग्रेस नेता ने परिक्रमा के दौरान तमाम तरह के कष्ट झेलकर भी उनके साथ चलने वाले परिक्रमावासियों को उनकी मजबूत इच्छा शक्ति के लिए आभार प्रकट किया। कांग्रेस नेता ने कहा, "आज के दिन मैं उन सभी परिक्रमावासियों का भी धन्यवाद और आभार प्रस्तुत करना चाहता हूँ जिन्होंने 6 महीने तक अपना घर-बार छोड़कर हमारे साथ कंकड़-पत्थर, रेत और पहाड़ पर पैदल चलना चुना और हमारे ह्रदय के क़रीब से जुड़े। माँ नर्मदा सभी के संकल्प पूर्ण करें। संयोग से आज से नवरात्रि की भी शुरुआत हो रही है। सभी देश, प्रदेश और राजगढ़ वासियों को हमारी शुभकामनाएँ!" 

दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा सितंबर 2017 में नरसिंहपुर ज़िले के बरमान घाट से शुरु हुई थी। कांग्रेस नेता ने आज ही के दिन यानी नौ अप्रैल, 2018 को अपनी परिक्रमा पूर्ण की थी। यह परिक्रमा कुल 192 दिनों में पूर्ण हुई थी। 

दिग्विजय सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किए वीडियो में बताया है कि लगभग दो दशक से भी पहले जब वे मंडला के सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे तब रात्रि विश्राम के दौरान उन्हें ऐसा आभास हुआ था कि मां नर्मदा उन्हें परिक्रमा करने के लिए कह रही हैं। जिसके बाद कांग्रेस नेता ने नर्मदा परिक्रमा करने का संकल्प लिया और 2017-18 में उन्होंने अपने इस संकल्प को पूर्ण किया। 

नर्मदा परिक्रमा के दौरान दिग्विजय सिंह से प्रदेश की जनता ने तत्कालीन शिवराज सरकार के दौरान आ रही समस्याएं भी साझा की थीं और भ्रष्टाचार के कई मामले भी कांग्रेस नेता के संज्ञान में लाए गए थे। नर्मदा परिक्रमा के साथ साथ दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के लगभग 110 विधानसभा क्षेत्र भी कवर किए थे और इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को उस साल हुए विधानसभा चुनाव में मिला था। कांग्रेस 15 वर्षों बाद प्रदेश की सत्ता में आई थी और इसमें सबसे बड़ी भूमिका दिग्विजय सिंह द्वारा की गई नर्मदा परिक्रमा की ही थी। 

बहरहाल दिग्विजय सिंह इस समय चुनावी मैदान में हैं और वह राजगढ़ से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार हैं। दिग्विजय सिंह ख़ुद अतीत में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं लेकिन पिछले कुछ समय से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है। दिग्विजय सिंह राजगढ़ में लगातार जनसंपर्क अभियान कर रहे हैं और पदयात्रा के माध्यम से क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं।