छतरपुर में महिला और बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण, बंदूक की नोक पर घर से उठा ले गए बदमाश
बताया जा रहा है कि एक युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और फायरिंग करते हुए महिला और उसके बच्चे को जबरन कार में बैठाकर ले गया। इस दौरान महिला के पति को भी पीटा।

छतरपुर। मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसलें बुलंद हैं। शनिवार को छतरपुर में एक महिला और उसके बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। हैरानी की बात ये है कि बदमाश बंदूक की नोक पर पीड़िता को घर से उठा ले गए।
घटना लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेरी में शनिवार दोपहर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी संजय सिंह राजपूत करीब एक दर्जन लोगों के साथ कार से गांव पहुंचा। सभी के पास हथियार और लाठी-डंडे थे। उन्होंने गांव में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। वह फायरिंग करते हुए महिला और उसके बच्चे को जबरन कार में बैठाकर ले गया। इस दौरान महिला के पति के साथ मारपीट भी की।
यह भी पढ़ें: खंडवा में नग्न अवस्था में मिला महिला का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी संजय सिंह महिला के बाल खींचकर कार में बैठा रहा है। एक बच्चे को टांगकर जबरन गाड़ी में डाल रहा है। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। लवकुशनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।
आरोपियों ने महिला के पति हरिराम प्रजापति पर लाठी-डंडों से हमला किया। हरिराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि महिला और युवक के बीच प्रेम प्रसंग था। महिला का पति उसे मिलने नहीं दे रहा था। आरोपी कार से लड़कों के साथ आया और महिला व बच्चे को ले गया। कुछ दूरी पर कार छोड़कर बाइक से भाग निकला। महिला और बच्चे की तलाश जारी है।