विदिशा में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा मासूम, रात भर चला बचाव अभियान, रेस्क्यू में और लग सकते हैं चार घंटे

एनडीआरएफ की टीम मंगलवार दोपहर से रेस्क्यू में जुटी है। टीम रात भर खुदाई करती रही। बोर के पास समानांतर 50 फीट गड्‌ढा खोदा जा चुका है। थोड़ी देर में टनल बनाई जाएगी।

Updated: Mar 15, 2023, 09:05 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के खेरखेड़ी पठार गांव में बोरवेल में गिरे मासूम लोकेश को बचाने के लिए कवायद जारी है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम रात भर खुदाई करती रही। बोर के पास समानांतर 50 फीट गड्‌ढा खोदा जा चुका है। थोड़ी देर में टनल बनाई जाएगी।

यह बोरवेल 60 फीट गहरा है, जबकि 7 वर्षीय लोकेश 43 फीट पर फंसा हुआ है। गहराई बढ़ने के साथ खुदाई की गति धीमी हो गई थी। नीचे लेटेराइट निकलने लगी थी। हालांकि, 4 जेसीबी और 3 पोकलेन मशीन रात भर खुदाई करती रहीं। नतीजतन बोर के पास 50 फीट गड्‌ढा खोदा जा चुका है। अब टनल बनाकर बच्चे को निकालने की कोशिशें हो रही है। 

यह भी पढ़ें: न बदलें जवाहर नवोदय विद्यालय का नाम, दिग्विजय सिंह ने की पीएम मोदी से मांग

बच्चे तक पाइप के जरिए ऑक्सीजन भी पहुंचाई जा रही है। सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। बुधवार सुबह 5 बजे तक उसका मूवमेंट मिलता रहा है। रेस्क्यू में अभी 3 से 4 घंटे और लग सकते हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक कोई बड़ा पत्थर नहीं मिला है, पत्थर नहीं मिलने से रेस्क्यू तेज गति से जारी है।

घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक लोकेश बंदरों के पीछे भाग रहा था। इसी दौरान वह खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। सूचना के बाद करीब 12 बजे बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। सबसे पहले बच्चे को ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई। इसके बाद खुदाई शुरू हुई। मौके पर मौजूद लोग लोकेश के सुरक्षित बाहर आने की दुआएं कर रहे हैं।