गरबा की धुन पर थिरकने वालीं साध्वी पर कांग्रेस का तंज, जनता के मुसीबत में पड़ते ही हो जाती हैं बीमार
साध्वी प्रज्ञा ने किया गरबे पर नृत्य, भोपाल में आयोजित एक समारोह में महिलाओं के साथ नृत्य करते आईं नज़र

भोपाल। भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की सांसद साध्वी प्रज्ञा एक बार फिर चर्चा में हैं। व्हीलचेयर के सहारे चलने वालीं साध्वी प्रज्ञा को एक बार फिर थिरकते हुए देखा गया। साध्वी द्वारा गरबा करता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि बस जब जनता मुसीबत में पड़ती है, तभी साध्वी बीमार हो जाती हैं।
यह पूरा घटनाक्रम मंगलवार शाम का है। राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने जब साध्वी प्रज्ञा पहुंचीं, तब वे महिलाओं के एक समूह के साथ गरबा करने लगीं। जल्द ही साध्वी प्रज्ञा का नृत्य करता हुआ यह वीडियो वायरल हो गया।
कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने साध्वी प्रज्ञा के इस वायरल वीडियो को साझा करते हुए कहा कि साध्वी जी आपको स्वस्थ देखकर बड़ी प्रसन्नता होती है। आज आप गरबा खेलते नजर आईं। बस जब जनता तकलीफ में आपको पुकार रही होती तब आप बीमार पड़ जाती हैं। आपको व्हीलचेयर पर या सहारा लेकर चलता देख बड़ा दुख होता है।
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जी आपको स्वस्थ देखकर बड़ी प्रसन्नता होती है।
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) October 12, 2021
आज आप गरबा खेलती नज़र आयी।
बस जब जनता तकलीफ़ में होती है आपको पुकार रही होती है तो आपको बीमार देखते है , व्हीलचेयर पर देखते है या सहारे से चलते हुए देखते है तो बड़ा दुःख होता है..
ईश्वर आपको सदैव स्वस्थ रखे.. pic.twitter.com/qsv9cwqKER
दरअसल साध्वी प्रज्ञा को अमूमन व्हीलचेयर पर ही देखा जाता रहा है। लेकिन व्हीलचेयर पर रहने वाली बीजेपी सांसद बास्केटबॉल ग्राउंड में बास्केटबॉल खेलती नज़र आ जाती हैं और नृत्य करते हुए भी उन्हें देखा जाता रहा है। कांग्रेस ने पिछली मर्तबा जब बीजेपी नेता पर इसको लेकर सवाल खड़े किए थे, तब बीजेपी नेता ने अपनी सफाई में यह कहा था कि उन्हें जो बीमारी है, उसमें उन्हें समतल जगह पर चलने फिरने में दिक्कत नहीं होती।