भाजपा छोड़ो यात्रा निकालें नरोत्तम मिश्रा, शिवराज उन्हें सीएम नहीं बनने देंगे: जयवर्धन सिंह ने गृहमंत्री पर साधा निशाना

महाराज भाजपा ने शिवराज भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, नरोत्तम मिश्रा भी सीएम बनने के लिए खूब प्रयास कर रहे हैं, लेकिन शिवराज उन्हें बनने नहीं देंगे: जयवर्धन सिंह

Updated: Sep 06, 2022, 08:18 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में सीएम की कुर्सी को लेकर भाजपा में चली रही खींचतान पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बड़ा हमला बोला है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा को "भाजपा छोड़ो यात्रा" निकालनी चाहिए, क्योंकि शिवराज जी उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे। 

ग्वालियर प्रवास पर पहुंचे जयवर्धन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि, 'भाजपा का कोई भी नेता शिवराज सिंह चौहान को पसंद नहीं करता है।इतिहास में यह पहली बार है जब कैबिनेट मंत्री सरकार के चीफ सेक्रेटरी पर टिप्पणी करता है। स्पष्ट है कि महाराज भाजपा ने शिवराज भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।'

यह भी पढ़ें: बच्चों का आहार खा गई सरकार, चारा घोटाले की तर्ज पर MP में आहार घोटाला, CM चौहान के पास है मंत्रालय

प्रदेश में पोषण आहार घोटाले के खुलासे पर सिंह ने कहा कि, 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ही इस विभाग का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण पंचायत विकास विभाग भी इस घोटाले में शामिल है। यह 100 करोड़ का घोटाला नहीं है बल्कि हजारों करोड़ का घोटाला है। गरीब बच्चों का आहार दलालों द्वारा हड़पा जा रहा है। बीजेपी के नेता बहुत लालची हो गए, कुपोषित बच्चों का पैसा भी खा रहे हैं। विधानसभा के अगले सत्र में मैं इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाऊंगा। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह से भी इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।'

चाचौड़ा से पूर्व भाजपा विधायक ममता मीणा के वायरल वीडियो पर भी जयवर्धन सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता मीना की गतिविधियों से हम पहले से वाकिफ हैं। उनको आम जनता को सम्मान देना चाहिए, जो उनका पैसों का लेनदेन का वीडियो वायरल हो रहा है, वह बहुत गलत है। इससे गलत संदेश जाता है, वह स्पष्टीकरण दें। अफसोस की बात है कि बीजेपी में ऐसे लोगों को बढ़ावा दिया जाता है।

जयवर्धन सिंह ने राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही "भारत जोड़ो यात्रा" को लेकर कहा कि इस यात्रा के जरिए पूरे देशवासियों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह यात्रा मध्य प्रदेश के 8 जिलों से होकर निकलेगी। बुरहानपुर, खंडवा, उज्जैन, आगर मालवा से होते हुए यात्रा आगे बढ़ेगी और राहुल गांधी इस यात्रा के जरिए देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने का काम करेंगे।