संकट की घड़ी में ग्वालियर की जनता के लिए देवदूत बने कांग्रेस विधायक, प्रवीण पाठक ने ओडिशा से निशुल्क मंगवाए पांच ऑक्सीजन टैंकर

प्रवीण पाठक ग्वालियर दक्षिण सीट से कांग्रेस के विधायक हैं, कांग्रेस विधायक अमूमन जनता की समस्याओं का निदान करते नज़र आते हैं

Updated: Apr 22, 2021, 07:24 AM IST

ग्वालियर। एक तरफ जहां प्रदेश में लगातार ऑक्सीजन की कमी से लोगों की मृत्यु की खबरें आ रही हैं। तो वहीं दूसरी तरफ संकट की इस घड़ी में कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ग्वालियर की जनता के लिए देवदूत बन कर उभरे हैं। प्रवीण पाठक ने ग्वालियर में ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए ऑक्सीजन केे 5 टैंकर ओडिशा से मंगवाए हैं। ताकि ग्वालियर की जनता को ऑक्सीजन की कमी से जूझना न पड़े।

यह भी पढ़ें : कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र, इलाज़ के आभाव से हो रही मौत पर चिंता जताई 

जनता के लिए ऑक्सीजन मुहैया कराने की जानकारी खुद कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ने अपने ट्विटर हैंडल पर दी है। प्रवीण पाठक ने अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा, 'ओड़िसा में अपने एक सहयोगी से पाँच ऑक्सीजन के बड़े टैंकर अपने ग्वालियर के लिए निशुल्क लिए हैं कलेक्टर महोदय से अनुरोध किया है की वो तय स्थान से शासकीय टेंकरो के माध्यम से तीन दिन के भीतर ऑक्सीजन कभी भी मँगवा सकते हैं।' 

प्रवीण पाठक ग्वालियर दक्षिण से कांग्रेस के विधायक हैं। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब प्रवीण पाठक अपने क्षेत्र की जनता की मदद के लिए आगे आए हों। इससे पहले भी ग्वालियर में लॉकडाउन के दौरान एक गरीब पोहे वाले को जब नगर निगम के अधिकारियों ने परेशान किया तब प्रवीण पाठक गरीब पोहे वाले के लिए नगर निगम के अधिकारियों से भिड़ गए। 

यह भी पढ़ें : पहले डॉमिनोज पर करो कार्रवाई... गरीब पोहे वाले का चालान काट रहे अधिकारियों पर भड़के कांग्रेस MLA

संकट काल में कांग्रेस के ज़्यादातर विधायक और नेता जनता की परेशानियों को दूर करते दिख रहे हैं। कांग्रेस विधायक अपनी विधायक निधि से जनता के लिए ऑक्सीजन और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के लिए योगदान दे रहे हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी हाल ही में जबलपुर की जनता के लिए ओडिशा से ऑक्सीजन के टैंकर पहुंचवाए थे।