MP By Poll 2020: कांग्रेस ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की, बदनावर से कमल सिंह पटेल लड़ेंगे चुनाव

बदनावर से पहले अभिषेक सिंह ठाकुर टिंकू बना का नाम घोषित हुए था, उनकी जगह कमल सिंह पटेल को टिकट दिया गया है

Updated: Oct 07, 2020, 02:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने उम्मीदवारों की अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। तीसरी सूची में कांग्रेस ने चार सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। जिसमें एक सीट पर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है। बदनावर सीट से पिछली सूची में अभिषेक सिंह ठाकुर बना का नाम घोषित किया गया था। लेकिन बना के विरूद्ध पनपे आंतरिक विरोध और सर्वे के बाद कांग्रेस ने क्षेत्र के कद्दावर नेता कमल सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। 

कौन कहां से लड़ेगा चुनाव ?
कांग्रेस ने पहली सूची में 15 तो दूसरी सूची में 9 उम्मीदवारों को नाम घोषित किए थे। तीसरी सूची में बदनावर के अलावा कांग्रेस ने मुरैना, बड़ामलहरा और मेहगांव से प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। मुरैना से राकेश मावई, मेहगांव से हेमंत कटारे और मलहरा से राम सिया भारती कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। 

अब सिर्फ ब्यावरा सीट पर घोषित होना है कांग्रेस प्रत्याशी का नाम 

अब सिर्फ एक ही सीट बच गयी है, जहां कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है। यह सीट है राजगढ़ जिले की ब्यावरा, जो विधायक गोवर्धन सिंह दांगी के निधन से खाली हुई है। अब तक जिन नामों पर विचार चल रहा है, उनमें पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी और पुरुषोत्तम दांगी शामिल हैं। इनके अलावा दिवंगत विधायक गोवर्धन दांगी के बेटे ओम दांगी के नाम पर भी विचार हो सकता है।