MP में 15 सितंबर से कांग्रेस निकालेगी जन आक्रोश यात्राएं, कैंपेन कमेटी की बैठक में तय हुई रणनीति

रिपोर्ट्स के मुताबिक कैंपेन कमेटी की बैठक में सात अलग-अलग यात्राएं विभिन्न क्षेत्रों से निकालने का फैसला हुआ है। इन यात्राओं के लिए मप्र के सात नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

Publish: Sep 07, 2023, 10:40 AM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस युद्ध स्तर पर जुटी हुई है। बुधवार देर शाम कांग्रेस कैंपेन कमेटी की अहम बैठक हुई। इस बैठक में तय हुआ कि कांग्रेस 15 सितंबर से प्रदेश में जन आक्रोश यात्राएं निकालेगी। इसमें भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, घोटालों को जनता के बीच लेकर जाएगी।

बुधवार को पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ के बंगले पर कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की बैठक हुई। करीब दो घंटे चली बैठक में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, अजय सिंह राहुल समेत तमाम सीनियर नेता मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव और प्रचार अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक के दौरान प्रदेश में सात जन आक्रोश यात्राएं निकालने और कमलनाथ- दिग्विजय सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के प्रस्तावित दौरों को लेकर चर्चा हुई। यात्राएं अलग-अलग संभाग में निकाली जाएगी। यात्राओं की शुरुआत 15 सितंबर से होंगी और दो अक्टूबर को समापन किया जाएगा। इस दौरान कमलनाथ बड़ी रैली और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

बैठक में तय किया गया कि कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी, अजय सिंह राहुल, सुरेश पचौरी और कमलेश्वर पटेल अपने-अपने इलाकों से इन यात्राओं की शुरुआत करेंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरों को लेकर भी चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि धार जिले के सरदारपुर और शहडोल के ब्यौहारी में राहुल या प्रियंका का प्रोग्राम जल्द तय हो सकता।