हरियाणा के बाद अब राजस्थान में भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए सांसद राहुल कस्वां

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा सहित तमाम बड़े नेताओं ने कस्वां को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई।

Updated: Mar 11, 2024, 03:16 PM IST

जयपुर। हरियाणा के बाद सत्ताधारी दल भाजपा को अब राजस्थान में बड़ा झटका लगा है। चूरू से भाजपा सांसद राहुल कस्वां भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सोमवार को राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की उपस्तिथि में राहुल कस्वां ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक कस्वां को चूरू लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं। कांग्रेस में शामिल होने पहले कस्वां ने एक्स पर लिखा, 'राम-राम! मेरे चूरू लोकसभा परिवार..... मेरे परिवारजनों! आप सब की भावनाओं के अनुरूप, मैं सार्वजनिक जीवन का एक बड़ा फैसला लेने जा रहा हूँ। राजनीतिक कारणों के चलते आज इसी समय, मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं संसद सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूँ।'

भाजपा ने चुरू सीट से इस बार नये चेहरे देवेंद्र झाझड़िया को टिकट दिया है। झाझड़िया पैरालंपिक में दो बार स्वर्ण व एक बार रजत पदक जीत चुके हैं। चूरू से वर्तमान सांसद राहुल कस्वां लगातार दो बार सांसद रहे हैं, लेकिन इस बार बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया है। कस्वां का टिकट कटने के बाद माना जा रहा था कि बीजेपी को नुकसान हो सकता है। सोशल मीडिया पर भी इसका लगातार विरोध हो रहा था। अब वे आखिरकार भाजपा में शामिल हो गए हैं।

इसके पहले रविवार को हरियाणा के हिसार से बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि कुछ राजनीतिक कारण काफी समय से बन रहे थे, जिसमें असहजता एक अहम विषय है। किसानों, अग्निवीर, महिला पहलवान.. जैसे कुछ ऐसे मुद्दे थे, जिसको लेकर में भाजपा में असहज था। हालांकि मैं इसके लिए लड़ता रहा हूं, और आगे भी लड़ता रहूंगा।