भोपाल में IT ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्टी के बैंक खाते फ्रिज किए जाने का विरोध

शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बताया था कि पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया।

Updated: Feb 19, 2024, 03:14 PM IST

भोपाल। आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के बैंक खाते फ्रिज किए जाने के विरोध देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। सोमवार को राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता इनकम टैक्स ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए।

भोपाल में कांग्रेस की जिला इकाई के नेताओं व कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना की अगुआई में दोपहर साढ़े 11 बजे (आयकर भवन) के सामने पहुंचे और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान विशेष रूप से पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, रविंद्र साहू झूमरवाला, विवेक त्रिपाठी व अन्य लोग मौजूद थे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता अपने हाथों में "लोकतंत्र की हत्या बंद करो", "तानाशाही बंद करो" लिखी तख्तियां लिए थे। इस दौरान पीसी शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। चुनाव से ठीक 2 महीने पहले देश के सबसे बड़ी विपक्षी दल के बैंक खाते फ्रिज कर दिए जाते हैं। यह लोकतंत्र को फ्रिज करने जैसा है। हम इस तानाशाही के विरुद्ध लड़ते रहेंगे।

बता दें कि शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बताया था कि पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। उन्होंने कहा था कि इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी है। माकन ने यह भी कहा था कि अभी हमारे पास बिजली का बिल भरने के लिए और अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। अकाउंट फ्रीज होने के कारण न केवल भारत जोड़ो न्याय यात्रा, बल्कि पार्टी की सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।