MP में कांग्रेस का महाजनसंपर्क अभियान, कमलनाथ 70 और दिग्विजय सिंह करेंगे 60 रैलियां

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी 22 जनसभाएं, 230 विधानसभाओं में चलेगा महाजनसंपर्क अभियान

Updated: Nov 02, 2023, 05:45 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार से महाजनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। अगले दो हफ्ते में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रदेश में 22 सभाएं होंगी। वहीं, कमलनाथ 70 और दिग्विजय सिंह 60 रैलियों को संबोधित करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश में महाजीत की ओर कदम बढ़ा रही है, 150 प्लस सीटें जीतकर आ रही है। कांग्रेस के महाजनसंपर्क अभियान से हम अपने वचनपत्र और संदेश को एक एक व्यक्ति तक पहुँचायेंगे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस का प्रचार हम फ्रंटफुट पर कर रहे हैं-हम ना सिर्फ़ शिवराज जी के 18 साल के कुशासन का पर्दाफ़ाश कर रहे हैं, बल्कि उससे भी ज्यादा प्रखरता और प्रमुखता से मध्यप्रदेश के लिये अपनी प्रतिबद्धता और अपने वचन को लेकर जनता के बीच फ्रंट फुट पर चुनाव लड़ रहे हैं।'

कांग्रेस नेतृत्व का दौरा कार्यक्रम

4 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लीकार्जुन खरगे जी कटंगी और शाहपुरा 

5 नवम्बर,2023: महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी कुक्षी और इंदौर-5

7 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लीकार्जुन खरगे जी उज्जैन और ग्वालियर पूर्व 

8 नवम्बर,2023: महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी सांवेर और खातेगाँव

9 नवम्बर,2023: महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी रीवा

9 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी नई सराय, अशोक नगर

चंदेरी, जबलपुर ईस्ट, जबलपुर वेस्ट में पदयात्रा

10 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी सतना

13 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी टिमरनी, उदयपुरा और

  इक़बाल नगर, भोपाल पदयात्रा। 

14 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी विदिशा, राजनगर, खजुराहो

15 नवम्बर,2023: महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी दतिया

15 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लीकार्जुन खरगे जी आमला (बैतूल)

इसके अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ प्रदेशभर में 70 रैलियां करेंगे, जबकि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 60 रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा 30 रैलियां प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला करेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में अरुण यादव, सुरेश पचौरी, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, अजय सिंह राहुल, कांतिलाल भूरिया, उमंग सिंगार, ओंकार मरकाम, विजयलक्ष्मी साधो और सज्जन सिंह वर्मा भी विधान सभा क्षेत्रों में जनसंपर्क और रैली करेंगे। यह व्यापक महाजनसंपर्क अभियान प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा। 

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि, 'शिवराज जी के जंगलराज से त्रस्त, कांग्रेस के वचन पर भरोसा करके मध्यप्रदेश की देव तुल्य जनता ने हमें प्रचंड बहुमत देने के लिए कमर कस ली है। कई मायनों में ये चुनाव प्रदेश के आमजन बनाम भाजपा की 18 साल की नाकामियों के बीच है। जनहित से सरोकार-मजबूत सरकार: प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी के लिए 150 से अधिक सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया है। ताकि कांग्रेस पार्टी जनसरोकार के प्रमुख वचनों को निभा सके और दृढ़ता से मजबूत सरकार चला सके। यह चुनाव 18 साल की नाकामियां बनाम कांग्रेस की ग्यारंटियों के बीच भी है।'