दीनदयाल रसोई में काम करने वाला कर्मचारी भी पॉजिटिव

Publish: Apr 20, 2020, 09:30 AM IST

राजधानी में रविवार को 27 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। इसमें दीनदयाल रसोई में काम करने वाले नगर निगम कर्मचारी सुभाष जोशी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। दीनदयाल रसोई में ड्यूटी के दौरान रैनबसेरे में खाना बांटा था। सुभाष जोशी शनिवार तक ड्यूटी पर जा रहे थे, इस दौरान वह कई लोगों के संपर्क में आया। रिपोर्ट आने के बाद क्वारैंटाइन किया गया है। नए मामलों में 12 दिन की बच्ची और एक 11 साल का लड़का भी शामिल है। अब भोपाल में आंकड़ा बढ़कर 235 हो गया है।

भोपाल में बने 149 कंटेनमेंट एरिया में से 21 हाई प्रॉयोरिटी कंटेनमेंट चिन्हित किए गए हैं। इन 21 क्षेत्रों में घनी बस्तियां हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हुआ है। पुलिस-प्रशासन को आशंका है कि लगातार हो रही स्क्रीनिंग और सैंपलिंग में इन क्षेत्रों से पॉजिटिव मरीजों की संख्या सामने आ सकती है। इसलिए यहां हर आने-जाने वाले को गेट पर ही रजिस्टर में अपनी जानकारी भरनी होगी। इन बस्तियों की एंट्री-एग्जिट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं, ताकि नतीजे आने पर कॉन्टैक्ट हिस्ट्री की पड़ताल आसानी से हो सके।