नागदा के बाद मैहर को जिला बनाने की मांग तेज, विधायक नारायण त्रिपाठी ने CM चौहान को लिखा पत्र

विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संभावित मैहर दौरे के मद्देनजर उन्हें पत्र लिख कर जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैहर को जिला बनाने का आग्रह किया है।

Updated: Jul 23, 2023, 06:39 PM IST

मैहर। नागदा को जिला बनाने के ऐलान के बाद अब मैहर को जिला बनाए जाने की मांग ने तेज हो गई है। वर्षों से अधूरी पड़ी मांग को पूरा करने मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र के माध्यम से जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैहर को जिला बनाने का आग्रह किया है।

सीएम शिवराज को संबोधित पत्र में विधायक त्रिपाठी ने नागदा को जिला बनाए जाने की सीएम की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि आपने वहां की जनता को बड़ी सौगात दी। मैहर भी भू भाग की दृष्टि से बड़ा क्षेत्र है। यहां तीन सीमेंट कंपनियां हैं, माता शारदा का विश्व प्रसिद्ध धाम है। मैहर हर दृष्टि से जिला बनाए जाने के जरूरी मापदंडों के अनुकूल है। मैहर को जिले के रूप में देखने की जनभावनाएं चरम पर हैं।

त्रिपाठी ने सीएम चौहान को उनकी पुराने घोषणा का याद दिलाते हुए कहा कि आपने आश्वासन दिया था किंतु 2018 में सरकार न बन पाने के कारण उस घोषणा को पूरा नहीं किया जा सका। हालांकि उसके बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कैबिनेट में मैहर को जिला बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया किंतु यह काम कतिपय कारणों से अभी भी शेष ही है। 

विधायक नारायण ने आगे लिखा है कि मुझे मेरी विंध्य पुनरोदय की मांग के कारण बागी कहा जाता है लेकिन जन भावनाओं और माता शारदा के सम्मान में मैहर को जिला बनाया जाना अति आवश्यक है। यह विषय राजनीति का नहीं बल्कि जनभावनाओं के सम्मान का है। विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विकास पर्व के दौरान मैहर आगमन पर स्वागत करते हुए अपेक्षा की है कि वे संवेदनशीलता से इस मसले पर विचार कर मैहर को जिला बनाने की घोषणा अपने मैहर आगमन पर करेंगे।