Digvijaya Singh: सिटी बस खरीदने में भ्रष्टाचार पर दर्ज हो FIR

Bhopal City Bus Corruption: 2013 में अधिकारियों ने 24 लाख रूपए की बाजार कीमत वाली 3 साल पुरानी बस 60 लाख रूपये में खरीदी

Updated: Aug 07, 2020, 11:16 AM IST

photo courtesy : bhaskar.com
photo courtesy : bhaskar.com

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने राजधानी भोपाल में सिटी बस खरीदी में हुए घोटाले पर जाँच की माँग की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस मामले में संलिप्त लोगों पर एफआईआर के लिए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के महानिदेशक को पत्र लिखा है। दिग्विजय सिंह का आरोप है कि भ्रष्टाचार के गंभीर मामले की यह शिकायत 4 वर्षो से ईओडब्ल्यू में जांच के नाम पर लंबित है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ईओडब्ल्यू के महानिदेशक को लिखे पत्र के साथ भोपाल निवासी कैपिटल रोडवेज के डायरेक्टर चरणजीत सिंह गुलाटी का आवेदन भी संलग्न किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि गुलाटी ने पूरे दस्तावेजों के साथ भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड में 12 करोड़ रूपये की सिटी बस खरीदे जाने के घोटाले की शिकायत आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो में 10 अगस्त 2016 को की थी। इस शिकायत में बताया गया है कि किस तरह भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड के अधिकारियों ने 24 लाख रूपये की बाजार कीमत वाली 3 साल पुरानी बसें 2013 में 60 लाख रूपये में खरीदकर बड़ा भ्रष्टाचार किया है। 

चरणजीत सिंह गुलाटी की शिकायत के अनुसार नगर निगम के अधिकारियों ने जिस फर्म से बसें खरीदी की हैं उसे 35 लाख रूपये प्रति बस अधिक भुगतान कर करीब 7 करोड़ रूपये का घोटाला किया है। सिंह ने ईओडब्ल्यू महानिदेशक के मांग की है कि गुलाटी की शिकायत पर शीघ्र करवाई करते हुए नगर निगम भोपाल और भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की मिलीभगत से हुए करोड़ो रूपये के भ्रष्टाचार के मामले में गंभीर वित्तीय अनियमित्ता पाये जाने पर गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।