आओ हो जाएं दो-दो हाथ, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को दी खुली बहस की चुनौती

भाजपा के 20 साल के घोटालों का लेखा-जोखा क्यों नहीं देते? शिवराज चौहान जी, आओ एक दिन आमने-सामने बहस हो जाये। दो दो हाथ हो जाएं: दिग्विजय सिंह

Updated: May 27, 2023, 02:34 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में अब कांग्रेस नेता दिग्वजिय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने 10 साल और बीजेपी के 20 साल के कार्यकाल पर खुली बहस की चुनौती दी है। राज्यसभा सांसद ने सीएम चौहान को चुनौती देते हुए कहा है कि आओ किसी दिन आमने-सामने हो जाएं दो-दो हाथ।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट थ्रेड में लिखा, "बार-बार भाजपा वाले मेरे 10 के कार्यकाल पर मेरे ख़िलाफ़ अनर्गल आरोप लगाते हैं। भाजपा के लोग 20 साल के घोटालों का लेखा-जोखा क्यों नहीं देते? मेरे कार्यकाल में मध्य प्रदेश के ग्राम पंचायत जनपद पंचायत ज़िला पंचायत नगर पंचायत नगर पालिका नगर निगम द्वारा लाखों स्थानीय लोगों को शासकीय सेवाओं में लिया गया। जन स्वास्थ रक्षक गौ रक्षकों को रोज़गार मिला।"

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, "भाजपा के समय मध्य प्रदेश से बाहर के लोगों को पैसा ले कर नौकरी दी गई। शिवराज चौहान जी, आओ एक दिन आमने-सामने बहस हो जाये। दो दो हाथ हो जाएं।"

इसके पहले 24 मई को एक दिवसीय बुरहानपुर के दौरे पर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने बीजेपी सरकार को कई मुद्दों पर घेरा था। विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा दिग्विजय सिंह के 10 साल के कार्यकाल को मुद्दा बनाने वाले सवाल पर कहा था कि, 'मेरे कार्यकाल में पंचायती राज आया, पंचायत प्रतिनिधियों को हमने सारे अधिकार दिए। लेकिन उसे भाजपा ने समाप्त कर दिया। जिला सरकार को खत्म किया। गरीबों और किसानों को दी जाने वाली फ्री बिजली की योजना को समाप्त कर दिया। हमने आदिवासियों को पट्टा दिया, जिसे भाजपा सरकार ने छीन लिया।'

बता दें कि चुनाव से पहले इन दिनों दिग्विजय सिंह 2018 के विधानसभा चुनाव की तरह कांग्रेस को संगठन के स्तर पर मजबूती देने में जुटे भी हैं। सिंह प्रदेश के 66 सीटों के दौरे कर रहे हैं जहां कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है। वे मध्य प्रदेश के विंध्य, मालवा, निमाड़, बुंदलखंड, महाकौशल समेत हर अंचल में कार्यकर्ताओं की सुन रहे हैं और उन्हें चुनाव के पहले एकजुट होकर पार्टी के लिए जुट जाने को तैयार कर रहे हैं। सिंह का यह दौरा कांग्रेस की विशेष रणनीति का हिस्सा है।