ग्वालियर में हर बूथ होगा मजबूत, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को सिखाया बूथ प्रबंधन का पाठ

जनता कांग्रेस को वोट देना चाहती है, कांग्रेस को समर्थन भी दे रही है, हमें सिर्फ उस समर्थन को वोटों में परिवर्तित करने की ज़रूरत है: ग्वालियर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बोले दिग्विजय सिंह

Updated: Mar 26, 2023, 03:57 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के मंडलम- सेक्टर अध्यक्षों व बीएलए कार्यकर्ताओं के साथ बूथ प्रबंधन को लेकर बैठक ले रहे हैं। इसी क्रम में वे आज ग्वालियर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मंडलम सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 15 के कांग्रेस के 3 ब्लॉक अध्यक्ष, 21 मण्डलम अध्यक्ष व 97 सेक्टर अध्यक्ष व 320 बूथ लेबल एजेंट शामिल हुए। 

रविवार को सिंह के समक्ष ग्वालियर 15 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने मुखर होकर अपनी बात रखी। इस दौरान सभी ने क्षेत्र के विधायक और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात प्रमुखता से रखी। पूर्व सीएम ने सभी कार्यकर्ताओं की बातें सुनी और एक-एक कर उनके जवाब भी दिए। उसके बाद ग्वालियर 15 विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ता की बैठक में उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को ससम्मान मंच पर बैठाया और स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ मंच से नीचे बैठे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को खुला मंच दिया। सबके सुझाव सुने और उन्हें नोट किया। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने यहां मण्डलम-सेक्टर, बीएलए व समस्त कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस को वोट देना चाहती है, कांग्रेस को समर्थन भी दे रही है, हमें सिर्फ उस समर्थन को वोटों में परिवर्तित करने की ज़रूरत है जिसके लिए बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूती देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ' पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मुझे विधानसभाओं में मण्डलम-सेक्टर मीटिंग लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का परीक्षण करो, फर्जी मतदाताओं को ढूंढ निकालो उनके नाम कटवाओ।' सिंह ने जिले के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि वे सक्रीय कार्यकर्ताओं की इज्जत करें उनका सम्मान करें और मण्डलम-सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।

पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप जनता की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरें। हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के माध्यम से घर-घर जाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलासा करें। उन्होंने राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त किए जाने को लेकर कहा कि, 'राहुल गांधी के साथ जो अन्याय और अत्याचार हो रहा है उसके खिलाफ सड़कों पर उतरने और एकजुटता के साथ संघर्ष करने की आवश्यकता है।'

यह भी पढ़ें: चोर को चोर कहना गुनाह है क्या, ग्वालियर में दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर किया प्रहार

सिंह ने बैठक में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार माना। बैठक के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं मण्डलम सेक्टर के प्रदेश प्रभारी अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, डबरा विधायक सुरेश राजे, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, पूर्व सांसद रामसेवक बाबूजी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर देवेंद्र शर्मा, ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे, ग्वालियर 15 विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रहे सुनील शर्मा, ग्वालियर कांग्रेस संगठन मंत्री सुरेंद्र यादव सहित अन्य कांग्रेस जन विशेष रूप उपस्थित रहे।