चोर को चोर कहना गुनाह है क्या, ग्वालियर में दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर किया प्रहार

जितने भी लोग रुपए लेकर भागे हैं, वे नरेन्द्र मोदी के करीबी हैं। यदि राहुल गांधी ने उन्हें चोर कह दिया तो क्या गुनाह किया: दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर में भरी हुंकार

Updated: Mar 26, 2023, 03:04 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रविवार को एकदिवसीय ग्वालियर दौरे पर पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिंह ने केंद्र और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी की सदस्यता के मामले पर सिंह ने कहा कि चोर को चोर कहना गुनाह है क्या? राहुल गांधी ने कुछ भी गलत नहीं कहा था। जितने भगोड़े हैं, सब नरेंद्र मोदी के करीबी लोग हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी पर कार्रवाई अडानी घोटाले से जुड़े सवाल उठाने के कारण की गई है। यह मामला 2019 का है। फरियादी ने इस पर स्टे पर लेते हुए कहा था कि अब वह इस मामले में आगे लड़ना नहीं चाहता है। किंतु अचानक स्टे वेकेट होता है, और कार्रवाई की जाती है। यह कार्रवाई इसलिये की गई है कि क्योंकि राहुल गांधी ने पूछा था कि अडानी ग्रूप के पास 20 हजार करोड़ रुपये की राशि कहां से आईं। इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों के 10 लाख रुपये शेयर मार्केट में डूबने पर सवाल भी उठाये थे।'

यह भी पढ़ें: PM ने संसद में मेरे शहीद पिता का अपमान किया, उन्हें जेल क्यों नहीं हुई: प्रियंका गांधी ने राजघाट से भरी हुंकार

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'भाजपा सरकार ने वादा किया था कि विदेशों में जमा काला धन वापस लायेगी। अब तक सरकार नहीं बताया कि कितना धन वापस आया। जबकि इसके लिये कमेटी भी बनी थी। यह धन तो वापस नहीं आया किंतु 2021 में 30 हजार करोड़ काला धन जमा हुआ है। यह धन किसका है, इसका खुलासा होना चाहिये। भाजपा धर्म की आड़ में देश को लूट रही है।' सिंह ने इस दौरान दावा करते हुए कहा कि साल 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक तरफ जीत दर्ज कर रही है और कमलनाथ मुख्यमंत्री बन रहे हैं। 

संसद में राहुल गांधी की अटेंडेंस के सवाल पर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने दिया जाए तब तो अटेंडेंस बढ़ेगी। जनता की अदालत में उनकी अटेंडेंस पूरी है। 4000 किलाेमीटर वह चले हैं। कोई भाजपा नेता कभी जनता के बीच इतना चला है क्या? उन्होंने किसान सम्मान निधि पर कहा है कि सरकार किसानों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि के रूप में दे रही है लेकिन खेती के उपकरण और सामग्री महंगी कर जेब से 30 हजार रुपए निकाल रही है।